Monday , September 30 2024

UP Panchayat Chunav: रामपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान, नौ बजे तक 9.73 फीसदी लोगों ने डाले वोट

रामपुर में पंचायत चुनाव के लिए गुरुवार को वोटिंग शुरू हो गई। गुरुवार की सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग शुरू हुई है। इस दौरान मतदान केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ नजर आ रही थी। सुबह नौ बजे तक जिले के सभी ब्लाकों में 9.73 फीसदी वोटिंग हुई है।

पंचायत चुनाव के तहत गुरुवार की सुबह से ही मतदान शुरू हो गया। शहर से सटे चमरौवा विकास खंड के अजीतपुर, शादी की मंडैया, रायपुर, आगापुर, हाजीनगर, ककरौवा, अलीनगर समेत तमाम गांव में मतदान केंद्रों पर वोटिंग के लिए भीड़ देखी गई। मतदान केंद्रो पर लंबी कतार नजर आ रही थी। इस दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम नजर आ रहे  थे। इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, एसपी शगुन गौतम, प्रेक्षक एल वेकंटेश्वर लू समेत अन्य अधिकारी भी फील्ड में उतरकर मतदान का जायजा ले रहे थे। पुलिस बल भी फ्लैग मार्च कर रहा था।

रामपुर में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा 

रामपुर। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हुआ। एक पक्ष के प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने कुछ महिलाओं को रोक लिया और फर्जी मतदान करने का आरोप लगाया। बाद में जांच-पड़ताल कर छोड़ दिया गया।
रामपुर में गुरुवार को पंचायत चुनाव का मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर वोटरों की लाइनें लग गईं। खासकर महिलाएं बूथों पर ज्यादा नजर आईं। सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव में अजीतपुर और आगापुर में वोटरों की लंबी लाइनें लगी थीं। आगापुर में कुछ महिलाएं वोट डालकर लौट रही थीं, जिन्हें कुछ लोगों ने रोक लिया। उनकी आईडी आदि चेक किए। महिलाओं द्वारा फर्जी मतदान किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस और मतदान कर्मचारियों ने महिलाओं की जांच पड़ताल की। पता चला कि महिलाओं का वोटरलिस्ट में नाम है। उनके पास आईडी भी है, जिन्हें जाने दिया गया, जबकि कुछ लोगों का कहना था कि यह महिलाएं गांव की नहीं हैं। शहर से बुलवाई गई हैं। महिलाएं दो ई-रिक्शा में पहंची थीं, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया।