Monday , September 30 2024

बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद, युवक की सरिया से मारकर हत्या

जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुरा में विवादित जमीन पर बाइक खड़ी को लेकर हुए विवाद में परिवार के ही दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें एक पक्ष के हमले में एक युवक के सिर में सरिया मार दी गई। युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार के चाचा व उसके बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। आरोपियों में शामिल एक युवक कुछ दिन पहले ही दुष्कर्म के आरोप की पांच साल की सजा काटकर घर आया था। 

बताया जा रहा है कि क्षेत्र के गांव भगवानपुरा के रहने वाले मेघ सिंह बंजारे का 23 वर्षीय बेटा लाल सिंह अपनी मां को लेकर रिश्तेदारी में गया था। वह गुरुवार की रात लगभग साढ़े 10 बजे घर वापस लौटा और अपनी बाइक अपने घर के पास स्थित गली में खड़ी करने लगा। तभी परिवार के ही लोगों ने बाइक हटाने को कहा। इसी बात को लेकर लाठी डंडों व सरिया से हमला कर दिया गया।

हमले में लाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको सीएचसी जसवंतनगर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर इटावा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी पर एसएसपी समेत अन्य अफसर पहुंचे और छानबीन शुरू की। मृतक के पिता मेघ सिंह ने अपने चचेरे भाई करन सिंह व उसके तीन बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है। एसएसपी डा. बृजेश सिंह ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान ही सरिया मारकर युवक को घायल किया गया। उसकी बाद में मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।