Monday , September 30 2024

मथुराः यमुना में तसले में बहता मिला नवजात, फरिश्ता बने वृंदावन के लोग

मथुरा के वृंदावन में यमुना में बहते नवजात के लिए वहां के लोग फरिश्ता बनकर सामने आए हैं। पानी गांव पुल के पास गुरुवार सुबह यमुना नदी में एक नवजात बहता हुआ मिला है। एक या दो दिन का नवजात तसले में रखा हुआ था। नवजात को बहता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ स्थानीय लोगों ने नवजात को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने नवजता को ऑब्जर्वेशन में रखा है। फिलहाल बच्चा स्वस्थ बताया जा रहा है। 

डाक्टरों की मानें तो नवजात के अविकसित लिंग को छिपाने की खातिर उसे तसले में डालकर यमुना में बहा दिया गया होगा। नवजात अविकसित है। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नवजात को स्वस्थ पाया। उसका वजन तकरीबन 3 किलो है। डॉक्टरों ने नवजात को ऑब्जर्वेशन के लिए अस्पताल में ही रखने का फैसला किया है। 

 नवजात मिलने की सूचना चाइल्ड लाइन केयर संस्था को दे दी है। संस्था ने बताया कि नवजात अविकसित है, इसीलिए हो सकता है उसके परिजनों ने नदी में बहा दिया हो। स्थानीय लोगों ने फरिश्तों की तरह उसका साथ दिया। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में है। बाद में उसे राजकीय बाल शिशु गृह में भेज दिया जाएगा।