Monday , September 30 2024

संभल में प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर के महंत की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

संभल जनपद के असमोली थाना इलाके में प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर के महंत की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में शव मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई थानों की पुलिस और अफसर मौके पर पहुंचे। महंत का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस टीम हत्या का कारण तलाश करने और हत्यारों का पता लगाने में जुटी हुई है। मंदिर परिसर में महंत की हत्या से हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया।

 असमोली क्षेत्र के गुमसानी गांव में प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर है। मंदिर पर रहने वाले महंत भरत गिरी महाराज की गुरुवार रात अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह ग्रामीण पूजा करने पहुंचे। तो महंत का लहूलुहान शव मंदिर परिसर में देख उनके होश उड़ गए। सूचना पुलिस को दी। महंत की मंदिर परिसर में हत्या की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में असमोली थाना प्रभारी रणवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अफसरों को जानकारी दी। तो हजरतनगर गढ़ी समेत कई थानों के फोर्स के साथ सीओ अरुण कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महंत का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस हत्या का कारण और हत्यारों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। महंत की हत्या से हिंदू संगठनों में आक्रोश है।