Monday , September 30 2024

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भरे जाएंगे निकायों के खाली पद, रिक्त पदों का मांगा गया ब्योरा

राज्य सरकार सभी विभागों में खाली पदों पर भर्ती कराना चाहती है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय निकाय निदेशालय चाहता है कि निकायों में जितने भी खाली पद हैं उनको भी विधानसभा चुनाव से पहले भर लिया जाए। प्रदेश में मौजूदा समय 707 निकाय हैं। इनमें पहले से खाली 320 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेजा जा चुका है। इसके साथ हाल ही में खाली होने वाले पदों के बारे में जानकारी मांगी गई है।

स्थानीय निकाय निदेशालय ने नगर आयुक्तों व अधिशासी अधिकारियों से इस संबंध में पूरी जानकारी मांगी है। इसमें पूछा गया है कि उनके यहां समूह ग व घ के कितने पद हैं। उनके यहां स्वीकृत पदों की संख्या कितनी है। इसमें खाली कितने हैं। शैक्षिक अर्हता इसकी क्या है। इसके साथ ही मृतक आश्रितों के कोटे के खाली पदों के बारे में भी जानकारी मांगी गई है। निकायों से कहा गया है कि 15 जुलाई तक इसकी जानकारी उपलब्ध करा दी जाए। निकायों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर इन पदों को भरा जाएगा।