Monday , September 30 2024

पूर्व्र सीएम अखिलेश यादव के नाम से फर्जी मैसेज वायरल, लखनऊ में दर्ज हुआ मुकदमा

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने गौतमपल्ली थाने में एफआईआर दर्ज करायी है। इस पोस्ट को बिना पुष्टि के ही कई लोगों ने साझा किया। आरोप लगाया गया है कि यह सब अखिलेश यादव की छवि को खराब करने के उद्देश्य से किया गया है। सपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक 22 जुलाई को सोशल मीडिया में एक पोस्ट तेजी से वॉयरल हुई थी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ट्विटर हैंण्डल को दर्शाया गया था। इस पोस्ट में आपत्तिजनक भाषा का दावा किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक अखिलेश यादव ने ऐसा कोई भी ट्वीट नहीं किया था। शरारती तत्वों ने छवि बिगाड़ने के लिए अखिलेश यादव के ट्विटर हैंडल की पोस्ट में कम्प्यूटर की मदद से एडिट करते हुए फर्जी पोस्ट बनाई। फिर इसे कई प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया। गौतमपल्ली इंस्पेक्टर रतनेश सिंह के मुताबिक साइबर क्राइम सेल की मदद से फर्जी पोस्ट वॉयरल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नरेश उत्तम ने कई ट्विटर हैंडल के बारे में जानकारी दी है जिनसे फर्जी मैसेज को आगे बढ़ाया गया था।