Sunday , September 29 2024

यूपी की महिलाएं वैक्सीनेशन में कई राज्यों से पीछे, नहीं दिखा रहीं दिलचस्पी

यूपी की महिलाएं कोरोना वैक्सीन लगवाने में दिलचस्पी कम दिखा रही हैं। यही वजह है कि देश में सबसे ज्यादा टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने वाले यूपी की महिलाएं कई राज्यों से पीछे हैं। केरल में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई।

प्रदेश में गुरुवार दोपहर दो बजे तक 6,15,40,129 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। जिसमें 3,43,57,839 पुरुष व 2,71,60,192 महिलाओं ने टीका लगवाया। टीकाकरण के लिहाज से 55.85 प्रतिशत पुरुष व 44.15 फीसदी महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई है। केरल में 25407415 लोगों का टीकाकरण हुआ। 1,21,77,029 पुरुषों ने और 1,32,25,128 महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई। करीब 52.06 फीसदी महिलाएं व 47.94 प्रतिशत पुरुषों ने टीका लगवाया है।

ज्यादा से ज्यादा महिलाएं टीका

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण के आंकड़ों को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इसके लिए पिंक बूथ बनाए गए हैं। इसमें सिर्फ महिलाओं का टीकाकरण हो रहा है। अभिभावक बूथ बनाया गया है। जिसमें 12 साल से छोटे बच्चों के माता-पिता को बिना पंजीकरण टीका लगाया जा रहा है। महिला स्कूलों में टीकाकरण समेत दूसरे जरूरी कदम भी उठाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक महिलाओं को टीकाकरण के प्रति लगातार जागरुक किया जा रहा है। महिला अस्पतालों में गर्भवती से टीका लगवाने की अपील की जा रही है।

245 हैं टीकाकरण केंद्र

टीकाकरण केंद्र बढ़ा जा रहे हैं। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों की संख्या में इजाफा किया जा रहा है। मौजूदा समय में कुल 5245 टीकाकरण केंद्र हैं। इसमें 5123 सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन लगाई जा रही है। 121 प्राइवेट अस्पतालों में टीकाकरण हो रहा है। लखनऊ में 91 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। जिसमें 61 सरकारी व 30 प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं।

18 से अधिक उम्र के 50% का टीकाकरण

राजधानी में 18 से अधिक उम्र के करीब 50 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। लखनऊ में अब तक 2375159 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ की आबादी करीब 53 लाख है। इसमें 27 लाख 74 हजार पुरुष व 25 लाख 43 हजार महिलाएं हैं। 18 से अधिक उम्र के लोगों की आबादी करीब 40 लाख है। अभी 18 साल से कम उम्र के लोगों का टीककरण शुरू नहीं हुआ है। इससे अधिक उम्र के 23 लाख 75 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इस लिहाजा से 50 प्रतिशत से अधिक आबादी कवर हो चुकी है। इसमें करीब 1790987 लाख लोगों को पहली डोज लगी। जबकि 584172 को दोनों डोज लग चुकी है।राज्य              महिला                पुरुष
बिहार              46.77             53.23
महाराष्ट्र           45.75             54.25
दिल्ली             42.44            57.56
तमिलनाडु         49.67            50.33
(नोट-टीकाकरण के आंकड़े प्रतिशत में हैं।)