Sunday , September 29 2024

मिशन शक्ति के तीसरे चरण की शुरुआत आज, सीएम योगी करेंगे 75 महिलाओं का सम्मान

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मिशन शक्ति के फेज-तीन की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन भी शामिल होंगी। इस मौके पर प्रदेश की 75 ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने मिशन शक्ति के पहले दो चरणों में उत्कृष्ट काम किया है। कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना की 1.55 लाख नई पात्र बालिकाओं के खाते में धनराशि भी भेजी जाएगी।  
 
मिशन शक्ति के दौरान प्रदेश में अभियान का नेतृत्व करने वाली महिला एवं बाल विकास विभाग की बरेली मंडल की उपनिदेशक नीता अहिरवार और वाराणसी जनपद की संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह को चुना गया है। बरेली जिले में नीता के प्रयास से निराश्रित महिला पेंशन योजना से लगभग 7000 नई महिलाओं और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में लगभग 8000 नए लाभार्थियों को जोड़ा गया।  महिला शरणालय बरेली की महिलाओं के साथ ‘हुनर की पाठशाला’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके माध्यम से महिलाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा गया।  25000 से ज्यादा बालिकाओं को ‘आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ दिलाया गया।   

वाराणसी जनपद की संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह ने भी कोविड के जिला बाल संरक्षण इकाई में कार्यरत होने के साथ-साथ वन स्टॉप सेंटर, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ योजना, उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला व बाल सम्मान कोष आदि के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई। निरुपमा ने मिशन के दौरान पूरे वाराणसी में बाल विवाह के खिलाफ जनसामान्य को जागरूक करने का प्रयास किया। 18 बाल विवाहों की सूचना प्राप्त होने पर उन्हें रुकवाया। 193 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के लिए चिह्नित किया गया।