Sunday , September 29 2024

अभियान चला तो हजार पुरुषों पर बढ़ गईं 22 महिला वोटर

वोटर लिस्ट में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का असर दिखना शुरू हो गया है। महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में जहां वोटर लिस्ट में सदर विधानसभा क्षेत्र में 1000 पुरुषों पर सर्वाधिक 859 महिलाएं वोटर हैं वहीं सबसे कम महिला खजनी में है। यहां 1000 पुरुष वोटरों पर महज 812 महिला वोटर हैं। पूरे जिले की बात करें तो अभियान के चलते औसत 1000 पुरुषों पर 834 महिलाएं वोटर के रूप में दर्ज हो गई हैं। जबकि अभियान के पहले यह संख्या महज 812 थी।

महिला वोटरों की संख्या में हुई बढ़ोत्तरी पर निर्वाचन के अधिकारी और कर्मचारी काफी उत्साहित हैं। अभी इस संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। सहायक चुनाव अधिकारी एके मौर्या का कहना है कि विभाग का लक्ष्य है कि महिला वोटरों की संख्या उनके जनसंख्या के हिसाब हो। जैसे जिले में 1000 पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 950 है। ऐसे में हमे महिलाओं की भागीदारी 1000 पुरुष पर 900 तक कराना है। इसमें काफी हद तक हम सफल भी हुए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही हम 900 की संख्या को पा लेंगे।

जागरूकता के चलते सदर विधानसभा में बढ़ी महिला वोटर

महिलाओं को वोटर बनाने के लिए चलाए गए अभियान ने यूं तो हर जगह अपना प्रभाव दिखाया लेकिन इस जागरूकता का सबसे अधिक असर सदर क्षेत्र पर पड़ा। यहां खुद से कई युवतियों ने 18 साल की उम्र पूरी होते ही वोटर बनने के लिए आवेदन किया और वोटर बन भी गईं।

खजनी सबसे फिसड्डी

अभियान के बाद भी खजनी विधानसभा सबसे फिसड्डी निकला। यहां 1000 पुरुषों पर महिला वोटरों की संख्या महज 812 है। यह संख्या पूर्व में औसत महिला वोटरों के बराबर है। इस ग्राफ से साफ है कि यहां अभियान का कोई असर नहीं दिखा और एक भी महिला वोटर के रूप में दर्ज नहीं हुई।

विधानसभा वार स्थिति

विधानसभा 1000 पुरुषों पर महिला वोटरों की संख्या

सदर 859

कैम्पियरगंज 840

पिपराइच 823

ग्रामीण 842

चौरीचौरा 834

सहजनवा 833

खजनी 812

चिल्लूपार 833

बांसगांव 817