Sunday , September 29 2024

देवरिया: जमीन के झगड़े में रिटायर्ड फौजी की निर्मम हत्या, लाठी-डंडे और ईंटों से पीटकर ले ली जान

उत्‍तर प्रदेश के देवरिया के मदनपुर क्षेत्र में रविवार की सुबह जमीन के झगड़े में एक रिटायर्ड फौजी की हत्या कर दी गई। पड़ोसियों ने लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर उनकी जान ले ली।

मिली जानकारी के अनुसार मदनपुर थाना क्षेत्र के बारीडीहा गांव के जिऊतबंधन दुबे (65) सेना से रिटायर्ड थे। काफी समय से जमीन के एक टुकड़े को लेकर पड़ोसी से उनका विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। आरोप है कि इसी दौरान करीब आधा दर्जन लोगों ने जिऊत बंधन दुबे पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। पड़ोसी अपनी छत से भी उनके ऊपर ईंट बरसाने लगे।

गंभीर रूप से घायल रिटायर्ड फौजी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पड़ोसी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। तनाव को देखते हुए मदनपुर के अलावा रुद्रपुर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ अंबिका मौके पर तैनात हैं। पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।