Sunday , September 29 2024

शिकंजा: महाराष्ट्र एटीएस ने एक और संदिग्ध को किया गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए आतंकियों से जुड़े हो सकते हैं तार

दिल्ली पुलिस द्वारा पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को गिरफ्तार करने के बाद से पूरे देश में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते ने शनिवार को पूछताछ के लिए एक और व्यक्ति को ठाणे जिले के मुंब्रा टाउन से गिरफ्तार किया है। संदिग्ध की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। महाराष्ट्र एटीएस के एक अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए एक और संदिग्ध  हुसैन शेख(45) से पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारी ने कहा कि शेख द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर, राज्य एटीएस ने कई जगह छापे मारे और मुंब्रा टाउन से उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि अब आतंकवादी मॉड्यूल में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

शुक्रवार देर रात हुई थी शेख की गिरफ्तारी
बता दें कि शुक्रवार देर रात मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच व महाराष्ट्र एटीएस की टीम ने जोगेश्वरी इलाके से शेख नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि इस संदिग्ध के तार भी उसी आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हैं, जिसके छह आतंकियों को 15 सितंबर को गिरफ्तार करके दिल्ली पुलिस ने बड़ी साजिश का भंडाफोड़ किया था। वहीं गिरफ्तारी के बाद संदिग्ध हुसैन शेख को मुंबई की विशेष कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे सोमवार तक के लिए पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

new ad