Sunday , September 29 2024

पूर्णिया में युवक का मर्डर:गर्लफ्रेंड ने दूसरे से शादी कर ली तो शिकायत करने उसके घर पहुंचा, घरवालों ने पीट-पीटकर मार डाला

पूर्णिया में अपनी गर्लफ्रेंड का दूसरे से प्यार करने का विरोध करना युवक को महंगा पड़ गया। लड़की के परिवार वालों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना केहाट थाना क्षेत्र की शुक्रवार देर रात की है। युवक को देर रात जख्मी हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसने शनिवार दोपहर इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मिरगंज निवासी राकेश मेस्तर (25) के रूप में की गई है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि राकेश अपने मां बाप का इकलौता पुत्र था। वह प्राइवेट नौकरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। घर के बगल में ही एक स्वजातीय लड़की से उसे प्यार हो गया था। करीब पांच साल से राकेश अपने कमाई का आधा हिस्सा लड़की के पीछे खर्च कर देता था। लड़की और उसके माता पिता ने दोनों की शादी के लिए भी मंजूरी दे दी थी। बाद में पता चला कि लड़की का दूसरे लड़के के साथ भी प्रेम-प्रसंग चल रहा है और तीन दिन पूर्व लड़की की शादी दूसरे लड़के के साथ हो गई।

राकेश को जब इस बात की भनक लगी तो वह शुक्रवार देर रात लड़की के घर जाकर शिकायत करने लगा। इस पर लड़की के परिवार वालों ने राकेश की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित ने लड़की के माता पिता और अन्य लोगों के ऊपर केहाट थाना में हत्या का मामला दर्ज करा दिया है। सभी आरोपी घर से फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

new