Sunday , September 29 2024

भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र: किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली व मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का किया वादा

गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यूपी चुनाव के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र और नया प्रचार गीत जारी कर दिया है। भाजपा ने यूपी में सत्ता में आने पर किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का वादा किया है। विद्यार्थियों को दो करोड़ टैबलेट व लैपटॉप वितरित किया जाएगा। भाजपा ने लता मंगेशकर की स्मृति में आर्ट्स अकादमी स्थापित करने की घोषणा भी की है।

भाजपा ने यूपी में सत्ता में आने पर किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का वादा किया है। भाजपा ने लता मंगेशकर की स्मृति में आर्ट्स अकादमी स्थापित करने की घोषणा भी की है। लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में भाजपा ने प्रदेश के हर जिले में आधुनिक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जाने का वादा किया। प्रदेश के सभी नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक निश्चित समय में प्राप्त हों, इसकी गारंटी देने वाला कानून लाया जाएगा।

लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में वादा किया गया है कि अयोध्या में श्रीराम से संबंधित संस्कृति, शास्त्रों एवं धार्मिक तथ्यों पर शोध के लिए रामायण विश्वविद्यालय को स्थापित किया जाएगा। संकल्प पत्र में बहन-बेटियों से लव जिहाद करने वालों को कम से कम 10 साल की सजा और एक लाख रुपये के जुर्माना लगाने का कानून बनाने का वादा किया जिससे इस कुकृत्य को करने से पहले कोई भी हजार बार सोचे। संकल्प पत्र में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को प्रदेश में एक नंबर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2017 में भाजपा ने जो कहा वो करके दिखाया है। 2017 से पहले बसपा, सपा और कांग्रेस के भाई भतीजावाद की सरकार में प्रदेश पिछड़ गया था। योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की छवि को बदलकर फिर से विकास की रफ्तार पकड़ी है। कानून व्यवस्था का राज कायम किया है। आज फिर संकल्प पत्र लेकर आये है, फिर पांच साल जनता की सेवा करेंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2022 के चुनाव के लिए भाजपा संकल्प पत्र के साथ जनता के सामने उपस्थित है। उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के जीवन मे परिवर्तन के लक्ष्य को लेकर संकल्प पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि हमने 2017 में जो संकल्प पत्र जारी किया था। उस समय जो संकल्प लिया था उसे मंत्र मानकर प्रत्येक वादे को पूरा किया। जो कहा था वह करके दिखाया। अब जो कहेंगे वह करके दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है। हर बहन बेटी सुरक्षित महसूस करती है। पहले महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। अब कर्फ्यू नहीं कावड़ यात्रा निकलती है। हर बेटी बेखौफ होकर स्कूल जाती है। हमने सुरक्षा के साथ गरीब कल्याण योजना को जनता तक पहुंचने के लिए काम किया है। भाजपा सरकार में योजना का लाभ चेहरा देखकर नहीं पात्रता देखकर दिया गया। प्रदेश सरकार ने डेढ़ गुना एमएसपी पर धान व गेंहू खरीदा। प्रदेश के पांच लाख युवाओं को रोजगार दिया गया। युवाओं को एमएसएमई सेक्टर में रोजगार मिल रहा है। प्रदेश में बेरोजगारी की दर कम हुई है।

संकल्प पत्र जारी कर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मुझे पांच साल पहले का दृश्य याद आता है। हमने पांच साल पहले इसी स्थान में संकल्प पत्र जारी किया था। 2014 के चुनाव में ही संकेत मिल गया था कि 2017 में भाजपा की सरकार बनेगी।
यूपी को सुरक्षित, विकसित करने, अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प  किया था। पांच साल में हर क्षेत्र में विकास, उपलब्धि और उज्जवल भविष्य की नींव डालने वाले रहे हैं।
राजनीति को अपराधीकरण से मुक्त किया गया है। यह सबसे बड़ी सफलता है। हम जो कहते हैं वो करते हैं।

गृहमंत्री ने कहा कि इस बार भी हम प्रदेश में 300 सीटों के साथ फिर से सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और योगी ने यूपी को सुरक्षित बनाया है। माफिया पलायन गए हैं। केंद्रीय योजनाओं के कार्यान्वयन में प्रदेश नंबर वन है। प्रदेश में पहले गोली और कट्टे बनते थे अब गोले और मिसाइल बनेगी। 2027 में भी जो हमारा संकल्प पत्र आएगा वह इससे बेहतर होगा।

भाजपा के संकल्प पत्र के प्रमुख बिंदु:
– किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी।
– कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लक्ष्मी बाई योजना के अंतर्गत मुफ्त स्कूटी वितरित की जाएगी।
– छात्रों को दो करोड़ टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगे।
– 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सौगात।
– निराश्रित महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को 1500 रुपये की पेंशन।
– गन्ना किसानों को 14 दिन में भुगतान।
– उज्ज्वला योजना के अंतर्गत होली और दीवाली पर 1-1 मुफ़्त सिलेंडर।
– प्राथमिक स्कूलों में टेबल बेंच की व्यवस्था की जाएगी।
– हर मण्डल में कम से कम एक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा।
– हर परिवार को कम से कम एक रोज़गार प्रदान करेंगे।
– एम्बुलेंस और एमबीबीएस की सीटों को दोगुना करेंगे।
– लव जिहाद रोकने के लिए 10 साल की सज़ा और 1 लाख का जुर्माने का प्रावधान।
– मां अन्नपूर्णा कैंटीन बनाकर ग़रीबों को सस्ता खाना देंगे।

संकल्प पत्र बनाने के लिए जनता से सुझाव लिए गए
यूपी सरकार के मंत्र सुरेश खन्ना ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा करना है। सेवा के उद्देश्य से संकल्प पत्र तैयार किया गया है। 2022 के संकल्प पत्र के लिए बनी समिति ने जनता से सुझाव लिए गए। यूपी को नंबर वन बनाने के लिए चलाए गए अभियान में विभिन्न वर्गों के सम्मेलन भी आयोजित किए गए।

लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करने के लिए गृहमंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। गृहमंत्री अमित शाह यहां से सीधे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के लिए रवाना हो गए।

new