Sunday , September 29 2024

शर्मनाक: मंडलीय अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिला के साथ सफाईकर्मी ने किया दुष्कर्म, जांच में जुटी पुलिस

पेट दर्द व अन्य समस्या होने पर मंडलीय अस्पताल में भर्ती एक महिला के साथ वहां कार्य करने वाले स्वीपर ने महिला वार्ड के बाथरूम में दुष्कर्म किया। आठ मई को उसे महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिसके बाद वह घर चली गई। दो दिन बाद सोमवार की रात को वह जिला महिला अस्पताल आई तो सारी बात पति को बताई।

सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय एक महिला सात मई को पेट दर्द व अन्य समस्या होने पर मंडलीय अस्पताल आई थी। अस्पताल के महिला वार्ड में उसे भर्ती कर दिया गया। जहां उसने बताया कि वह गर्भवती है। सात मई की रात को वह बाथरूम में कपड़ा बदलने गई तो वहां मौजूद सफाई कर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

आठ मई की सुबह रेफर होने के बाद वह घर चली गई। 9 मई की रात को पेट दर्द होने पर उसे जिला महिला अस्पताल लाया गया। जहां पेट में गर्भ के मृत होने के कारण उसका इलाज किया गया। रात को उसने पति को दुष्कर्म की बात बताई। महिला ने बताया कि सात मई को मंडलीय अस्पताल के महिला वार्ड में पहुंची तो बाथरूम में कपड़ा बदलने के दौरान सफाईकर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला ने बताया कि घटना वाले दिन सफाईकर्मी ने उसके पति को शराब पिलाई थी। पीड़िता का कहना है कि पति ने सफाईकर्मी को फोन किया तो उसने दुष्कर्म करना भी स्वीकार किया। उसके बाद पति ने पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर पीड़िता का बयान लिया।

वहीं, सूचना मिलने पर एडीएम शिव प्रताप शुक्ला, एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि महिला का बयान दर्ज किया गया है। उसने बताया है कि बाथरूम में स्वीपर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

new ad