Monday , May 20 2024

समाजवादी पार्टी नेता Mulayam Singh Yadav की तबीयत खराब, लोहिया मेडिकल संस्‍थान में कराया गया भर्ती

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें लखनऊ स्थित लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। डॉक्‍टरों ने कहा है कि उन्‍हें हाई शुगर की तकलीफ है। जांच रिपोर्ट में ब्‍लड शुगर बढ़ा हुआ पाया गया है। अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी देते हुए लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. एके त्रिपाठी ने बताया कि मुलायम सिंह को रविवार दोपहर दिक्कत महसूस हुई। उनका मुंह सूख रहा था।ऐसे में डॉक्टर ने भर्ती किए जाने की सलाह दी। शाम को साढ़े चार बजे के करीब उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लाया गया। यहां जांच में ब्लड शुगर हाई निकली। ऐसे में प्राइवेट रूम में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।

इससे पहले उन्हें तबीयत खराब होने पर संजय गांधी पीजीआई में भर्ती किया गया था। उनकी सेवा के लिए अस्पताल में पत्नी साधना व बहू डिंपल शाम को मौजूद रहीं। पूर्व मंत्री अहमद हसन भी इस दौरान उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे।