उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। इनमें से छह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक समाजवादी पार्टी (सपा) के खाते में गई है। भाजपा टूंडला, बांगरमऊ, देवारिया, नौगावां सादात, घाटमपुर और बुलंदशहर में जीतने में कामयाब रही वहीं मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा के लकी यादव जीत दर्ज की।
उपचुनावों में जीत के बाद बीजेपी में जश्न का माहौल है। मंगलवार शाम को मीडिया से बात करते हुए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है।
अखिलेश पर निशाना
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की करारी हार पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी (अखिलेश यादव की) दिवाली का दिवाला निकल गया। उन्होंने कहा कि अखिलेश बीजेपी पर आरोप लगा रहे थे लेकिन लोगों ने प्रदेश में गुंडाराज आने से रोक दिया। अब यहां रामराज्य है और वही रहेगा। यूपी के अलावा बिहार के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में भी बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है।