Sunday , May 19 2024

Chhath Puja Surya Arghya: छठ पर्व पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देना है तो जानिए पूरी पूजा विधि

Chhath Puja Surya Arghya छठ महोत्सव के चौथे दिन सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ के लिए बनाया गया विशेष पकवान ठेकुआ को वितरित किया जाता है और उसको व्रती और परिवारजन ग्रहण करते है। छठ महोत्सव के समापन के अवसर पर छठी मैया की पूजा की जाती है।

Chhath Puja 2020। छठ महोत्सव के आखिरी यानी चौथे दिन व्रत का पारण किया जाता है। इसी के साथ नहाय खाय से प्रारंभ हुए व्रत का समापन हो जाता है। व्रत के पारण के दिन उदय होते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। हर वर्ष की भांति इस बार में लोगों में इस पर्व को मनाने को लेकर काफी उत्साह है लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते लोग बाहर निकलते समय सावधानी भी बरत रहे हैं। इस विशेष पर्व के लिए बड़ी संख्या में लोग समुद्र, नदियों और सरोवरों के किनारे पर इकट्ठा होते हैं। छठ पर्व के समापन के अवसर पर सूर्य को जल समर्पित करने के साथ पूजन सामग्री समर्पित की जाती है। व्रत को समाप्त करने को पारण कहा जाता है। सूर्य की लालीमा आसमान में छाते ही श्रद्धालु सूर्य तो अर्घ्य देना प्रारंभ कर देते हैं। और सूर्यदेव से सुख-संपत्ति, आरोग्य और धन-संपदा की कामना के साथ अपने घर को प्रस्थान कर जाते हैं।

ऐसे करें भगवान सूर्य की आराधना

छठ महोत्सव के चौथे दिन सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ के लिए बनाया गया विशेष पकवान ठेकुआ को वितरित किया जाता है और उसको व्रती और परिवारजन ग्रहण करते है। छठ महोत्सव के समापन के अवसर पर छठी मैया की पूजा की जाती है। इस अवसर पर छठी मैया से जिन दंपत्तियों को संतान नहीं है वो संतान प्राप्ति की कामना करते हैं। जिनके बच्चे है वो अपने बच्चों की उन्नति, आरोग्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं। छठ व्रत के समापन अवसर पर छठी मैया और सूर्य देव से व्रत की सफलता की कामना की जाती है। छठी देवी को नन्हे-मुन्ने बच्चों की अधिष्ठात्री देवी माना जाता हैं। संतान की अभिलाषा रखने वाले दंपत्ति को देवी संतान सुख देती है। संतान को दीर्घायु होने का रक्षाकवच पहनाती है। बच्चों की रक्षा करना छठी मैया का परम धर्म है। मान्यता है कि मूल प्रकृति के छठे अंश से इनका प्राकट्य हुआ है इसलिए इनका नामकरण छठी मैया हुआ।

छठी मैया ब्रह्मा जी की मानसपुत्री और कार्तिकेय की प्राणप्रिया है। छठी मैया को देवसेना के नाम से भी जाना जाता हैं। शास्त्रों में इनको विष्णुमाया और बालदा यानी पुत्र देने वाली भी कहा गया है। छठी मैया की सवारी बिल्ली है। इनकी गोद में एक बच्चा है। शास्त्रों में मान्यता है कि जिन दंपत्ति को संतान प्राप्ति में बाधा आती है उनको छठ स्तोत्र का पाठ नियमित रूप से करने से संतान की प्राप्ति होती है।

सूर्योपासना का पर्व है छठ पूजा

नवरात्रि और दूर्गा पूजा की तरह छठ भी हिंदूओं के प्रमुख त्यौहारों में से एक है। मुख्यत: यह पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर-प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाने वाला पर्व है। यहां इस पर्व को लेकर एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है, लेकिन चूंकि इस हिस्से के लोग अब देश-विदेश में फैले हुए हैं इसलिए अब यह पर्व कई जगह उसी आस्था और उत्साह से मनाया जाता है। छठ पूजा मुख्य रूप से सूर्यदेव की उपासना का पर्व है। इस दौरान डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार छठ सूर्य देव की बहन हैं और सूर्योपासना करने से छठ माता प्रसन्ना होकर घर परिवार में सुख-शांति व धन-धान्य प्रदान करती हैं। वैसे तो सूर्य की आराधना का यह पर्व साल में दो बार मनाया जाता है, चैत्र शुक्ल की षष्ठी व कार्तिक शुक्ल की षष्ठी को। चैत्र शुक्ल की षष्ठी को काफी कम लोग यह पर्व मनाते हैं, लेकिन कार्तिक शुक्ल की षष्ठी को मनाया जाने वाला छठ पर्व मुख्य माना जाता है।

चार दिनों तक चलने वाले कार्तिक छठ पूजा का विशेष महत्व है। कार्तिक अमावस्या के बाद छठ पर्व मनाया जाता है। मुख्यत: यह भाईदूज के तीसरे दिन से शुरू होता है। शुक्ल की षष्ठी को यह पर्व मनाए जाने के कारण इसका नाम छठ पूजा पड़ा। इस दौरान व्रत रखने वाले लोग 36 घंटों तक उपवास रखते हैं।

इसलिए की जाती है छठ पूजा

छठ पूजा मुख्य रूप से सूर्य देव की उपासना कर उनकी कृपा पाने के लिए की जाती है। भगवान भास्कर की कृपा से सेहत अच्छी रहती है और घर में धन धान्य की प्राप्ति होती है। संतान प्राप्ति के लिए भी छठ पूजन का विशेष महत्व है।

कौन हैं छठ माता और कैसे हुई उत्पत्ति?

छठ माता को सूर्य देव की बहन बताया जाता है, लेकिन छठ व्रत कथा के अनुसार छठ माता भगवान की पुत्री देवसेना बताई गई हैं। अपने परिचय में वे कहती हैं कि वह प्रकृति की मूल प्रवृत्ति के छठवें अंश से उत्पन्ना हुई हैं यही कारण है कि उन्हें षष्ठी कहा जाता है।

संतान प्राप्ति की कामना करने वाले विधिवत पूजा करें, तो उनकी मनोकामना पूरी होती है। यह पूजा कार्तिक शुक्ल की षष्ठी को करने का विधान बताया गया है। पौराणिक ग्रंथों में इसे रामायण काल में भगवान श्री राम के अयोध्या वापसी के बाद माता सीता के साथ मिलकर कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूर्योपासना करने से भी जोड़ा जाता है।

चार दिनों तक चलती है छठ पूजा

छठ पूजा चार दिनों तक चलती है और इसे काफी कठिन और विधि-विधान वाला पर्व माना जाता है। इसके लिए पूजा से पहले काफी साफ-सफाई की जाती है। घर के आस-पास भी कहीं गंदगी नहीं रहने दी जाती।

नहाय खाय से शुरू होता छठ व्रत

छठ पूजा व्रत की शुरुआत नहाय-खाय नामक रस्म से होती है। व्रत के पहले दिन इसमें घर की साफ-सफाई करके उसे पवित्र बनाया जाता है। इस दिन व्रत रखने वाले शुद्ध शाकाहारी भोजन करते हैं। इस दिन व्रतधारी कद्दू की सब्जी, दाल-चावल खाते हैं।

खरना में बांटते हैं प्रसाद

छठ पूजा व्रत का दूसरा दिन कार्तिक मास की शुक्ल पंचमी को होता है। इसमें पूरे दिन उपवास रखा जाता है। शाम को खाना खाया जाता है। इसे खरना रस्म कहते हैं। इसके तहत अपने पड़ोसियों एवं जान-पहचान के लोगों को प्रसाद ग्रहण करने के लिए बुलाया जाता है। प्रसाद में गन्नो के रस एवं दूध से बनी चावल की खीर, चावल का पीठा और घी लगाई हुइ रोटियां शामिल होती हैं। इस दौरान किसी भी भोजन में नमक एवं चीनी का बिल्कुल भी उपयोग नहीं किया जाता है।

नदी किनारे संध्या को देते हैं अर्घ्य

छठ पूजा व्रत का तीसरा दिन कार्तिक मास की षष्ठी को पड़ता है। इसमें शाम के समय व्रतधारी किसी नदी या तालाब में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं। सूर्य देव को दूध और जल से अर्घ्य दिया जाता है। एक बांस की टोकरी में मैदे से बना ठेकुआ, चावल के लड्डू, गन्नाा, मूली व अन्य सब्जियों और फलों को रखा जाता है, इसे सूप कहते हैं। इस प्रसाद को अर्घ्य के बाद सूर्य देव और छठी माईं को अर्पण किया जाता है।

अंतिम दिन पारण के साथ समाप्त होती है छठ पूजा

छठ पूजा व्रत का अंतिम दिन कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की सप्तमी को पड़ता है। इसमें व्रत रखने वाले लोग सूर्योदय से पहले उसी नदी या तालाब में जाकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं जहां उन्होंने बीती शाम को दिया था।

अंतिम दिन पारण के साथ समाप्त होती है छठ पूजा

पूर्व संध्या की तरह प्रात:काल भी वही रस्में की जाती है। इसके बाद व्रतधारक घर के पास पीपल के पेड़ की पूजा करते हैं। पीपल के पेड़ को ब्रह्म बाबा भी कहते हैं। पूजा के बाद व्रतधारक कच्चे दूध का शरबत एवं थोड़ा प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत पूर्ण करते हैं, इस प्रक्रिया को पारण कहते हैं।

व्रत करने का इन नियमों का करना चाहिए पालन

छठ पूजा का व्रत बहुत ही कठिन होता है। इसमें सभी व्रतधारकों को सुख-सुविधाओं को त्यागना होता है। इसके तहत व्रत रखने वाले लोगों को जमीन पर एक कम्बल या चादर बिछाकर सोना होता है। इसमें किसी तरह की सिलाई नहीं होनी चाहिए। ये व्रत ज्यादातर महिलाएं करती है। वर्तमान में अब कुछ पुरुष भी यह व्रत करने लगे हैं।

छठ पूजा की कथाएं

लोक कथाओं के अनुसार छठ पूजा का उल्लेख राम के काल में भी दिखाई देता है। एक मान्यता के अनुसार लंका में विजय प्राप्त करने के बाद श्री राम और माता सीता ने छठ पूजा की थी। उन्होंने कार्तिक शुक्ल की षष्ठी को व्रत रखा था। इसमें उन्होंने सूर्य देव की पूजा की थी।

सूर्यपुत्र कर्ण ने भी की थी छठ पूजा

दूसरी पौराणिक कथाओं के अनुसार सबसे पहले छठ पूजा सूर्य पुत्र कर्ण ने की थी। उन्हें सूर्य देव के प्रति बहुत आस्था थी। वे हमेशा कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते थे। सूर्य देव की कृपा के कारण ही उन्हें जगत में बहुत सम्मान मिला।

द्रौपदी ने अपने परिवार के लिए रखा था छठ व्रत

एक अन्य कथा के अनुसार महाभारत काल में द्रौपदी ने भी छठ पूजा की थी। उन्होंने अपने परिवार वालों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए यह व्रत रखा था। वह उनकी लंबी उम्र के लिए नियमित तौर पर सूर्य देव की पूजा करती थीं।

पुत्र की कामना से राजा ने रखा था छठ व्रत

बताया जाता है कि एक समय प्रियंवद नाम का एक राजा था। उसके कोई संतान नही थी। इसके लिए महर्षि कश्यप ने एक यज्ञ किया और पूजन के लिए बनाई गई खीर राजा की पत्नी मालिनी को दी। इससे उसे पुत्र प्राप्त हुआ, लेकिन वह मृत था। इस वियोग में राजा अपने प्राण त्यागने जा रहा था, तभी ब्रह्माजी की मानस कन्या देवसेना प्रकट हुई। उसने बताया कि वह सृष्टि के छठे अंश से उत्पन्ना हुई है, इसलिए उसे षष्ठी कहा गया। आप मेरी पूजा करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। राजा ने पुत्र की पुन: प्राप्ति के लिए षष्ठी मां का व्रत किया, जिससे उन्हें कुछ समय बाद संतान प्राप्ति हुई।