Monday , February 24 2025

आगरा : केनरा बैंक लूट में शामिल दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

25 हजार के इनामी दस्यु मुकेश ठाकुर गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जगनेर और खेरागढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जगनेर में राम हरि नाम का बदमाश पकड़ा गया है। उसके पैर में गोली लगी है। खेरागढ़ में पकड़े गए बदमाश का नाम बलवीर बताया जा रहा है।

पुलिस का दावा है कि ये दोनों बदमाश भी इरातदनगर में 15 फरवरी को हुई केनरा बैंक लूट की योजना में शामिल थे। हालांकि लूट की वारदात को मुकेश ठाकुर, मोनी जाट और अजीत ठाकुर ने अंजाम दिया था। इन तीनों पर इनाम घोषित है। ये तीनों अभी पुलिस के हाथ नहीं आए हैं।

केनरा बैंक लूट से पहले बदमाशों ने नंवबर 2020 में जगनेर में ठाकुर फिलिंग स्टेशन पर डकैती डाली थी। 13 फरवरी 2021 को छत्ता में रामा ट्रेडर्स के कर्मचारी रामचंद्र कुकरेजा को गोली मारी थी। इन तीनों वारदातों को मुकेश ठाकुर गैंग ने ही अंजाम दिया था। बैंक लूट में मुकेश ठाकुर खुद आया था। सीसीटीवी में कैद हुआ था।

वहीं पुलिस ने जगनेर क्षेत्र मुठभेड़ में गोली लगने के बाद बसेड़ी निवासी रामहरी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि खेरागढ़ पुलिस ने बसेड़ी के जारगा गांव निवासी बलवीर को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों से दो तमंचे और दो बाइक बरामद हुई हैं। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस मुकेश ठाकुर की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।