Monday , September 30 2024

बहराइच में लड़की की निर्मम हत्या कर नाले के फेंकी लाश

बहराइच के एक किशोरी गांव में अपनी परचून की दुकान बंद कर शनिवार रात घर जाने को निकली थी, किन्तु वह घर नहीं पहुंची। सुबह उसकी लाश दुकान से कुछ ही दूरी पर मिली, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, सीओ महसी कमलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। एसपी सुजाता सिंह ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

‌बौड़ी थाने के राजा रेहुआ निवासी संतोष कुमार सिंह की गांव के बीच में  परचून की दुकान है। जबकि उनका घर गांव के अन्तिम छोर पर है। शनिवार को संतोष सिंह की तबीयत खराब होने के कारण उनकी बेटी 13 वर्षीय शिवानी दुकान पर थी। वह रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर को निकली थी। रास्ते में ही कातिलों ने उसकी निर्मम हत्या कर दी। काफी समय बीतने पर भी वह घर नहीं पहुंची,  तो उसके परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की। रात लगभग 10:30 बजे कुछ दूरी पर नाले के पास नग्न अवस्था में खून से लथपथ उसकी लाश पड़ी मिली। शव मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएचओ मनोज कुमार राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रघुवीर गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ समय बाद एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, सीओ महसी कमलेश कुमार सिंह भी फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना की तहकीकात की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी सुजाता सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया।