Sunday , May 5 2024

संगठन में चल रहा मंथन,यूपी में बीजेपी जल्द घोषित करेगी निगमों और बोर्डों के सदस्यों के नाम

हाल ही में भाजपा के महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारियों की हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। कई पदाधिकारियों के साथ ही विधायकों ने अपनी बात रखते हुए कहा था कि कार्यकर्ताओं को समायोजित करने का काम भी ढीला चल रहा है। विधायकों का कहना था कि इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी हो रही है। शिकायत की गई थी कि इसी कारण जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे मन से काम नहीं किया।

भारतीय जनता पार्टी जल्द ही प्रदेश में निगमों और बोर्डों के खाली पड़े पदों पर भर्ती कर सकती है। इस बारे में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने मंथन शुरू कर दिया है। वहीं जुलाई में विधान परिषद की खाली हो रही चार सीटों पर भी सदस्यों को मनोनीत कर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने की तैयारी है। इसमें खासतौर पर जातीय समीकरण का ध्यान रखने की कवायद चल रही है।


पार्टी सूत्रों का कहना है कि जल्द इस बारे में फैसला कर घोषणाएं की जाएंगी। हाल ही में पार्टी के संगठन मंत्री सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की बैठक में कुछ नामों पर चर्चा भी की गई थी। हालांकि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने बीते रविवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि पार्टी ने 17 हजार कार्यकर्ताओं को समायोजित किया है। साथ ही उन्होंने निगमों व बोर्डों में भी तैनाती की बात से इनकार नहीं किया था। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी जल्द कुछ नामों की घोषणा कर सकती है।

मनोनीत किए जाएंगे एमएलसी

दूसरी ओर पार्टी पांच जुलाई को विधान परिषद का कार्यकाल पूरा करने वाले समाजवादी पार्टी के चार एमएलसी के स्थान पर अपने संगठन और पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को मनोनीत कर सकती है। जिनका कार्यकाल पूरा हो रहा है, उसमें श्रीराम सिंह यादव, लीलावती कुशवाहा, रामवृक्ष सिंह यादव और जितेंद्र यादव प्रमुख है। पार्टी का मानना है कि इस मनोनयन में जातीय समीकरण का ध्यान रखा जाएगा। खासतौर पर अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को तरजीह दी जा सकती है। वहीं भाजपा गठबंधन में शामिल दलों के सदस्यों को भी स्थान मिल सकता है।

ये पद हैं खाली
चेयरमैन राज्य अल्पसंख्यक आयोग
चेयरमैन और सदस्य राज्य हज कमेटी
चेयरमैन राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग
चेयरमैन उ.प्र.राज्य मदरसा बोर्ड
चेयरमैन और सदस्य राज्य हज कमेटी
चेयरमैन और सदस्य उ.प्र.उर्दू अकादमी
चेयरमैन उ.प्र.राज्य बीज विकास निगम
चेयरमैन उ.प्र.फखरुद्दीन अली कमेटी