Monday , September 30 2024

गर्मी से हाल-बेहाल: यूपी में सबसे गर्म आगरा, जानिए किस जिले में रहा कितना तापमान

बुधवार दोपहर में आगरा का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान के इस स्तर के कारण ताजनगरी यूपी में सबसे गर्म रही। दूसरा स्थान भी ब्रज के ही जनपद अलीगढ़ का रहा। यहां बुधवार दोपहर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को सबसे गर्म रहने वाले झांसी तीसरे नंबर पर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान का यह स्तर सामान्य परिस्थितियों से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इस समय तक आगरा में मानसून की सक्रियता हो जाती रही है। 

रात में भी राहत नहीं
दोपहर में उमस भरी गर्मी से परेशान चल रहे लोगों के लिए रात को सुकून भरी नींद मुश्किल हो चुकी है। मंगलवार-बुधवार की रात को न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सामान्य अवस्था में इससे तीन डिग्री सेल्सियस कम तापमान रहता है। कोरोना से जूझ रहे लोगों के लिए लगातार बढ़ता तापमान मुश्किल बन रहा है। 

नमी हुई कम
वातावरण में नमी की स्थिति में भी बदलाव हो रहा है। एक सप्ताह पहले तक सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 80 से ऊपर है। बुधवार को इसका स्तर 54 पर आ गया। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता में और भी गिरावट दर्ज हुई। इसका स्तर 31 तक आ गया। मौसम के मौजूदा स्तर को देखते हुए लोगों को सजग रहने की हिदायत दी जा रही है। 

अभी राहत नहीं
आने वाले दिनों में गर्मी से अधिक राहत नहीं दिख रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान फिलहाल 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। दो तारीख से आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन यह जरूरी नहीं कि बरसात भी हो जाए। अगले एक हफ्ते तक मौसम का यही स्तर कायम रहने का अनुमान है। 

इन शहरों में रहा सर्वाधिक तापमान
आगरा:          43.7 डिग्री सेल्सियस
अलीगढ़         43.2 डिग्री सेल्सियस
झांसी             43.0 डिग्री सेल्सियस
बांदा              42.8 डिग्री सेल्सियस

सड़कों पर कम हुई भीड़
मौसम का असर सड़कों पर नजर आया। आमतौर पर भीड़ से भरा दिखने वाले शाह मार्केट में कम ही ग्राहक नजर आए। संजय प्लेस में भी एयर कंडीशंड दुकानों को छोड़ अन्य पर ग्राहक नहीं थे। पुराने शहर की धूप रहित सड़कों पर सहालगी खरीदारी जारी रही। हालांकि खरीदारों की संख्या में सामान्य से कमी दिखी।