Monday , September 30 2024

कोरोना वैक्सीन लगाने को तैयार हुए अखिलेश यादव, कहा- जब सबको लग जाएगी तो मैं भी लगवा लूंगा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य में जब सब लोगों को कोरोना का टीका लग जाएगा तो मैं भी लगवा लूंगा। उन्होंने भाजपा पर तंज करते हुए कहा कि दूसरे के घरों में झगड़ा कराने वालों के घर में झगड़ा हो गया। अखिलेश यादव ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता में यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तमाम लोगों को वैक्सीन की जरूरत है लेकिन सरकार उन्हें नहीं दे पा रही है। वैक्सीन की व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।

भाजपाई खेमे में जंग का माहौल 
सपा मुखिया ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में जनता की सरकार बनने जा रही है। भाजपा मुद्दों पर बहस करने से डरती है। भाजपाई खेमे में जंग का माहौल है। भाजपा के लोग जनता का सामना नहीं कर सकते हैं इसलिए जानबूझकर घर का झगड़ा कर रहे हैं। भाजपा में जो समीक्षाएं हो रही हैं, वह हवाबाजी हैं। भाजपा अपने वायदों की समीक्षा कब करेगी।

पंचायत चुनाव में सरकार मनमानी कर रही 
अखिलेश यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव में सरकार मनमानी कर रही है। भाजपा पैसे के बल पर चुनाव जीतना चाहती है। इसके लिए अधिकारियों को आगे कर चुनाव जीतने में उनका इस्तेमाल हो रहा है। इन चुनावों में डीएम-एसपी के जरिए सरकार मनमानी कर रही है।