Sunday , September 29 2024

गुरुग्राम में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, चार कॉलोनियों में 300 मकान सील किए जाएंगे

गुरुग्राम की चार बिल्डर कॉलोनियों में तीन सौ से अधिक मकानों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। छह महीने में चार सौ से अधिक मकानों को डीटीपी की तरफ से नोटिस दिए गए थे। इन मकानों में बिल्डिंग प्लान के नियमों का उल्लंघन किया गया है। सभी को 15 दिन का समय दिया गया था कि अवैध निर्माण को खुद तोड़ दें, लेकिन तीन सौ मकान मालिकों पर नोटिस का कोई असर नहीं हुआ। हालांकि, सौ मकान मालिकों ने सीलिंग के डर से खुद अवैध निर्माण तोड़ दिए। बाकी मकानों पर अब डीटीपी तरफ से जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई होगी। इसके बाद मकानों के कब्जा प्रमाणपत्र रद्द किया जाएगा।

डीलएफ फेज-2 और 5, सुशांतलोक फेज-2 और 3 के आवासीय भूखंडों पर पांच से सात मंजिला तक मकान बनाए गए हैं, जबकि चार मंजिल तक मकान बनाने के लिए बिल्डिंग प्लान पास है। इसके अलावा यहां व्यावसायिक गतिविधियां भी हो रही हैं। शिकायत मिलने के बाद डीटीपी की तरफ से सर्वे के साथ निरीक्षण किया गया। जनवरी से लेकर जून तक 400 मकानों नोटिस देकर अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी गई।

बिल्डिंग प्लान का उल्लंघन : बिल्डर कॉलोनी में मकान के लिए डीटीपी प्लानिंग से बिल्डिंग प्लान पास किया गया है। तय मानकों पर मकान बनने के बाद कब्जा प्रमाण पत्र दिया जाता है। आरोप है कि कब्जा प्रमाणपत्र लेने के बाद मकान की ऊंचाई बढ़ा दी गई। बिल्डिंग प्लान के विरुद्ध दुकान, पीजी, गेस्ट हाउस समेत अन्य तरह के गतिविधियां शुरू कर दी गईं। निर्धारित 16.5 मीटर की ऊंचाई से अधिक 18 मीटर तक मकान का निर्माण कर लिया गया

मकानों की सूची हो रही है तैयार : एटीपी आशीष शर्मा ने कहा कि डीएलएफ फेज-2 के जे, के, एल, एम, एन, पी, क्यू ब्लॉक में सभी निर्माणधीन इमारतों को सर्वे किया। इन मकानों के लिए बीते महीनों में ओसी हासिल किया गया और अब उनमें अवैध निर्माण किया जा रहा है। अवैध निर्माण के तौर पर स्टिल्ट पार्किंग में निर्माण, खाली जगहों पर निर्माण, आगे-पीछे की बालकनी को कवर कर लिया गया। ऐसे मकानों की सूची तैयार की जा रही है।

75 मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां : सुशांतलोक फेज-1 में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर 75 मकानों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद कुछ गतिविधियां बंद हुईं तो कुछ ने आवेदन भी कर दिया, लेकिन अभी भी काफी गतिविधियां अवैध रूप से चलाई जा रही हैं। इसी प्रकार बिल्डर फ्लोर में भी ओसी के बाद अवैध निर्माण किया जा रहा है। कार्रवाई के लिए इमारतें चिन्हित कर ली गई हैं।

इन कॉलोनियों हो चुकी हैं सीलिंग : मकानों में व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन करने पर पिछले महीने डीटीपी तरफ से सीलिंग की गई थी। इसके अलावा डीएलएफ फेज-2 में डेढ़ सौ और सनसिटी में 50 से अधिक अवैध दुकानों को तोड़ा गया था। इसी तरह साउथ सिटी-2 में एक होटल भी सील हो चुका है। अभी बाकी पर कार्रवाई बाकी है।

कब्जा प्रमाणपत्र रद्द होगा

डीटीपी प्रवर्तन आरएस बाट ने बताया कि बिल्डर कॉलोनियों में बिल्डिंग प्लान का उल्लंघन कर बनाए गए मकानों पर कार्रवाई होगी। नोटिस देने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं तोड़े गए। इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया था। ऐसे 300 मकानों की सीलिंग कर कब्जा प्रमाण पत्र रद्द कर दिया जाएगा। इसके बाद मकान की खरीद-फरोख्त नहीं कर पाएंगे।