Sunday , September 29 2024

डॉक्टर की बड़ी लापरवाही, डिलीवरी के बाद बच्चेदानी में छोड़ कपड़ा और सिल दिया पेट

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में डॉक्टर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां के जिला महिला अस्पताल में डॉक्टर ने सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती महिला के पेट में कपड़ा छोड़ दिया, जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद महिला को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां हालत नाजुक बनी हुई है। 

शाहजहांपुर में तिलहर थाना क्षेत्र के रामपुर उत्तरी गांव निवासी मनोज ने बताया कि पत्नी नीलम देवी गर्भवती थीं। पत्नी को डिलीवरी के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। 6 जनवरी को आपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ। इसके कुछ दिन बाद महिला की हालत बिगड़ी लगी। हालत ज्यादा खराब होने पर पत्नी को 21 जून को निजी अस्पताल में दिखाया जहां जांच में पता चला की उसके बच्चेदानी में कपड़ा है और आंत सिली हुई है। 

इसके बाद पत्नी को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पत्नी का उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित महिला के पति ने बताया कि डॉक्टर ने आपरेशन से पहले सुविधा शुल्क की मांग की थी। असमर्थता जताने पर डाक्टर ने आपरेशन पर लापरवाही की। बच्चेदानी में कपड़ा छोड़ दिया। घाव को धागे से सिल दिया। वहीं, राजकीय मेडिकल कालेज की पीआरओ डॉ. पूजा त्रिपाठी पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। लेटर को महिला विभाग को भेजा गया है। वह जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम को भेजेंगी।