Monday , September 30 2024

ओलंपिक: बुलंदशहर के लाल अरविंद ने रोइंग में पाया पांचवां स्थान, खुशी की लहर

बुलंदशहर के खुर्जा के तहसील क्षेत्र के गांव खबरा निवासी अरविंद का शनिवार सुबह टोक्यो ओलंपिक में रोइंग नौकायान डबल स्कल्स खेल हुआ। खेल शुरू होने से पहले ही गांव में देखने के लिए लोग एकत्रित हो गए।अरविंद ने हीट खेलकर 5वां स्थान प्राप्त किया। अब उनका चयन 25 जुलाई को होने वाले रेपेचाज के लिए हुआ है। 

गांव खबरा निवासी अरविंद टोक्यो ओलंपिक में खेल रहे हैं। उनका इवेंट रोइंग नौकायान डबल स्कल्स है। शनिवार की सुबह 7:30 बजे से उनका खेल शुरू हो गया। उनके खेल को देखने के लिए ग्रामीण समय से ही टीवी और मोबाइल पर खेल देखने के लिए बैठ गए। टीवी पर खेल नहीं आने से परेशान ग्रामीण और परिजनों ने मोबाइल पर ओलंपिक खेल देखा। खेल शुरू होने के साथ ही सभी की प्रार्थना शुरू हो गई।

अरविंद की दादी राजवती देवी ने घर के पूजा घर में जाकर भगवान से अरविंद को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मोबाइल पर अरविंद की सफलता पर सभी परिजनों और ग्रामीणों के चेहरे खिल गए।  परिवार के सदस्यों ने खुशी जाहिर की। साथ ही अन्य ग्रामीणों को भी इस जीत के संबंध में बताया।