Sunday , September 29 2024

इस बार मथुरा में जन्माष्टमी शामिल होंगे श्रद्धालु, सड़कों पर भी बनेंगे 11 मंच

कोरोना से मुक्त होते ही ब्रज में कन्हैया का जन्मोत्सव इस बार धूमधाम से मनेगा। जन्माष्टमी पर समूची नगरी को सजाने की तैयारी में प्रशासन और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद जुट गया है। कृष्ण जन्मभूमि पर 30 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी।

बता दें कि पिछले वर्ष कोरोना के चलते जन्माष्टमी के आयोजन में श्रद्धालुओं के शामिल होने पर पूरी तरह रोक थी। वहीं इस बार जन्माष्टमी को भव्य रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें कान्हा की लीलाओं और ब्रज के लोकनृत्यों को दिखाया जाएगा। 29 और 30 अगस्त को कृष्ण जन्मस्थान से कुछ ही दूर रामलीला मैदान में इनका आयोजन होगा। वहीं अगले दिन 31 अगस्त को गोकुल में महोत्सव होगा। 

30 को मनेगी जन्माष्टमी

श्रीकृष्ण जन्मस्थान के विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर के अनुसार जन्मस्थान पर 30 अगस्त को जन्माष्टमी का आयोजन होगा। द्वारिकाधीश के विधि सलाहकार राकेश तिवारी और बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष कुमार के अनुसार भी 30 अगस्त को ही जन्माष्टमी मनाई जाएगी।

जिलाधिकारी नवनीत चहल ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी इस बार भव्य रूप से मनाई जाएगी। इसकी तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सोंपी जा रही है, ताकि इसके आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।

जन्मस्थान को जाने वाली सड़कों पर बनेंगे 11 मंच

श्री कृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नागेंद्र प्रताप ने हिन्दुस्तान को बताया कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर समूचा शहर सजाया जाएगा। श्री कृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर 11 स्थानों पर मंच बनाये जाएंगे, जहां पर कन्हैया की लीलाओं और ब्रज की लोक कलाओं का प्रदर्शन होगा। ये मंच गोवर्धन चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, मसानी चौराहा, भूतेश्वर चौराहा आदि पर बनेंगे। उन्होंने बताया कि 29 और 30 अगस्त को महाविद्या स्थित रामलीला मैदान पर भव्य आयोजन होगा। यह मुख्य मंच होगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 31 अगस्त का आयोजन गोकुल में होगा।

आ सकते हैं मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी भी इस बार जन्माष्टमी के आयोजन में शामिल हो सकते हैं। इसकी सुगबुगाहट तो है, लेकिन अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

शहर में आठ जगह बनेंगे सेल्फी पॉइंट

देश-विदेश के लोग श्री कृष्ण जन्मोत्सव के साक्षी होने के लिए यहां पहुंचेंगे। अपने साथ यह लोग कन्हैया की नगरी की यादें भी ले जाएं, इसके लिए शहर के आठ स्थानों पर सेल्फी पॉइंट बनायें जाएंगे। नागेंद्र प्रताप ने बताया कि शहर के मुख्य चौराहों को आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा।

सजेंगे मथुरा, वृंदावन और गोकुल के घाट

कन्हैया का जन्मोत्सव हो और यमुना मैया पर उत्सव न हो, यह नहीं हो सकता। इस अवसर पर मथुरा, वृंदावन और गोकुल स्थित यमुना के घाटों पर भव्य सजावट होगी। मथुरा का प्रसिद्ध विश्राम घाट, गोकुल का ठकुरानी घाट और वृंदावन का केसी घाट भव्य तरीके से सजाया जाएगा। जिससे यहां आने वाले भक्तों को यमुना मैया के भव्य दर्शन हों। 

कोरोना की लहर के बाद पहला उत्सव

कोरोना की लहर के बाद ब्रज में यह पहला उत्सव धूमधाम से हमेशा की तरह मनाया जाएगा। गौरतलब है कि कोरोना के कारण ब्रज के तमाम बड़े आयोजनों को पिछले वर्ष भी रद कर दिया गया था और इस बार भी रद हो गये थे। भीड़ के कारण कोरोना न फैले इसलिए पिछले वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर बाहर से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगाते हुए आयोजन रद कर दिये गये थे। इस बार अपने कृष्ण कन्हैया का जन्मोत्सव न केबल ब्रजवासी धूमधाम से मनायेंगे, बल्कि देश-विदेश के लोग भी इसमें शामिल हो सकेंगे।

ये बड़े आयोजन हो चुके हैं रद

पिछले वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी, मुड़िया पूर्णिमा मेला पिछले वर्ष भी और इस वर्ष भी, ब्रज चौरासी कोस की यात्रा पिछले वर्ष भी और इस वर्ष भी