Sunday , May 11 2025

फ्रांस की रक्षा मंत्री बोलीं, हमनें पूरा कर लिया अफगानिस्तान से लोगों को निकालने का अभियान

अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद से बदतर हुआ हालातों के मद्देनजर सभी देश अपने-अपने नागरिकों को वहां से निकालने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने कहा कि अफगानिस्तान से लोगों को निकालने उनका अभियान पूरा हो चुका है।

पार्ली ने शुक्रवार देर रात ट्वीट किया, “अफगान अभियान, जो कि राष्ट्रपति के आदेश से 15 अगस्त को शुरू हुआ था, आज शाम को पूरा हो गया है। दो सप्ताह से भी कम समय के भीतर, फ्रांसीसी सेना ने करीब तीन हजार लोगों को निकाला है, जिनमें फ्रांस में आश्रय लिए हुए 2,600 से अधिक अफगानी नागरिक शामिल हैं।”

फ्रांस के जनरल स्टाफ ने बताया कि फ्रांसीसी सेना का आखिरी दल शुक्रवार देर रात काबुल से रवाना हुआ।

आपको बता दें कि अफगानिस्तान पर 20 साल के बाद एक बार फिर तालिबान का कब्जा हो गया है। उसने देश के राष्ट्रपति भवन पर भी कब्जा जमा लिया है। राष्ट्रपति अशरफ गनी ने तालिबान को सत्ता सौंप दी है। सूत्रों के मुताबिक, नई अंतरिम सरकार के अंतरिम प्रमुख के रूप में अली अहमद जलाली का नाम सबसे आगे चल रहा है। राष्ट्रपति गनी ने देश छोड़ दिया है।