Sunday , September 29 2024

गोरखपुर:मासूम बेटे के सामने पत्नी की गर्दन में रॉड घोंप कर पत्‍नी को मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में कामरेड नगर के पास शनिवार को एक युवक ने अपने सात साल के बेटे के सामने ही उसकी मां की सरेराह हत्या कर दी। उसने पत्नी की गर्दन में नुकीला रॉड घोंप दिया। जिला अस्पताल में महिला की मौत हो गई। उधर, पुलिस ने महिला के पिता की तहरीर पर गैर इरादत हत्या का केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया है।तिवारीपुर के तकिया कवलदह निवासी गुड्डू की 30 वर्षीय रूबी खातून की पीपीगंज इलाके के राजू से आठ साल पहले शादी हुई थी। रूबी का सात साल का एक बेटा है। तीन साल से रूबी अपने पति से अलग बेटे के साथ पिता के घर रहती थी। ऑटो चालक राजू अपने बेटे से मिलने ससुराल जाया करता था। शनिवार की दोपहर में राजू ससुराल गया था। घर पर सात साल का बेटा अकेला मिला। राजू ने बेटे को ऑटो में बैठा लिया और पत्नी की तलाश करते हुए तिवारीपुर के कामरेड नगर में उसकी सहेली निशा के घर के पास ही पहुंचा था कि रूबी और निशा साथ ही पैदल आती दिख गईं। आरोप है कि राजू की सड़क पर ही रूबी से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद के बाद उसने ऑटो में मौजूद नुकीले रॉड से रूबी पर हमला कर दिया। उसने बेटे के सामने ही उसकी मां की गर्दन में रॉड घोंप दिया और फरार हो गया। भागते समय रूबी की सहेली निशा का मोबाइल फोन भी लेकर चला गया। महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

सहेली के साथ आधार कार्ड बनवाने निकली थी रूबी

राजू को अपनी पत्नी पर शक था। इसी शक की वजह से उनके बीच दूरी पैदा हुई थी और वह अपने मायके रह रही थी। राजू भी गोरखनाथ इलाके में किराये का कमरा लेकर रहता था और कामरेड नगर के रहने वाले शाहरूख का किराये पर आटो चलाता था। वह अपने बेटे से मिलने अक्सर ससुराल जाता था। रूबी की सहेली निशा ने बताया कि वह तिवारीपुर इलाके के अंधियारी बाग में आधार कार्ड बनवाने उसके साथ गई थी। लौटते समय अपने बेटे अरशद के साथ राजू कामरेड नगर में मिला और कहासुनी के बाद उसने रूबी पर हमला कर जान ले ली।

तीन बहन और दो भाइयों में बड़ी थी रूबी

रूबी की आठ साल पहले राजू से शादी हुई थी। वह तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। रूबी एक बेटे अरशद की मां थी। रूबी के पिता आटो मोबाइल की दुकान पर काम करते हैं। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, धमकी और गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर आरोपितों को देर शाम तक राजू को दबोच लिया है। हालांकि पुलिस ने राजू के पकड़े जाने की की पुष्टि नहीं की है।

मोबाइल से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने आरोपित को दबोचा

निशा के मोबाइल से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने आरोपित राजू का पीछा शुरू किया। पता चला कि वह बस से नेपाल की तरफ भाग रहा है। महराजगंज पुलिस की मदद से कोल्हुई में उसे दबोच लिया गया। हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी है।

शनिवार को अचानक कोल्हुई तिराहे पर हलचल बढ़ गई। पुलिस टीम चौराहे पर मुस्तैद होकर जांच शुरू कर दी। गोरखपुर की पुलिस भी पहुंच गई। कुछ देर बाद गोरखपुर की तरफ से आ रही प्राइवेट बस की घेराबंदी कर पुलिस ने बस रोक ली। पुलिस ने बस की चेकिंग शुरू की इस बीच ड्राइविंग सीट की तरफ से एक युवक कूदकर भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। एसओ देवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर से संदिग्ध युवक के आने की सूचना मिली थी। इसके चलते तिराहे पर घेराबंदी कर फोर्स लगा दी गई थी। बस से कूदकर भागते समय युवक को पकड़कर संबधित टीम को सौंप दिया गया।