Sunday , September 29 2024

कल्याण सिंह को आज 1918 मंडलों में दी जाएगी श्रद्धांजलि, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

प्रदेश भाजपा 31 अगस्त को राज्य में पार्टी के 1918 मंडलों में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर स्वकल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया है कि इस दिन राजधानी लखनऊ में भी श्रद्धांजलि सभा  गोमतीनगर विस्तार स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल में होगी। 

श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि स्व. कल्याण सिंह गांव, गरीब व किसानों के नेता थे। बाबूजी सदैव पं. दीनदयाल उपाध्याय जी द्वारा प्रशस्त अन्त्योदय पथ के अनुगामी रहे। वह जन नेता थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ ही विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों व सार्वजनिक जीवन में गांव, गरीब, किसान, दलित, पिछड़ों सहित सभी वर्गों के लिए काम किया और उनसे सदैव जुड़े भी रहे। पार्टी के कार्यकर्ता, नेता, पदाधिकारियों के साथ ही आम जनमानस भी बाबूजी के निधन जाने से दुःखी है। उन्होंने बताया है कि श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, नेता, जनप्रतिनिधि, मंत्री, कार्यकर्ता के साथ ही आम जनमानस की सहभागिता भी होगी।