Sunday , September 29 2024

यूपी में भाजपा अब विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे बनाएगी चुनावी माहौल, आगाज आज से

भाजपा के 18 प्रबुद्ध सम्मेलन आज

भाजपा द्वारा प्रदेश में आयोजित किए जाने वाले प्रबुद्ध सम्मेलन 05 सितंबर से शुरू हो जाएंगे। रविवार को प्रदेश के 18 महानगरों में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह प्रयागराज, प्रदेश भाजपाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह अयोध्या, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या कानपुर और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल राजधानी लखनऊ में आयोजित किये जा रहे सम्मेलन को संबोधित करेंगे। जबकि 06 से 20 सितंबर के बीच प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में यह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

महिला मोर्चा की कार्यसमिति कल

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक छह सितंबर को इंदिरा गांधी शांति प्रतिष्ठान में होनी है। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य की अध्यक्षता में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सहित कई अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे। इससे पूर्व रविवार को मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कार्यालय पर होगी।

किसान मोर्चा की कार्यसमिति 11-12  को चित्रकूट में

भाजपा किसान मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक 11 व 12 सितंबर को चित्रकूट में होगी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और मोर्चा का प्रभार देख रहे प्रकाश पाल ने कहा कि इस कार्यसमिति के जरिए मोर्चा राजनीतिक खरपतवार के रूप में किसानों को भ्रमित करने वाले विरोधी दलों के सफाए का संकल्प लेगा। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह की अध्यक्षता में होने वाले इस आयोजन में पार्टी के तमाम प्रमुख नेता भाग लेंगे।

ओबीसी मोर्चा 18 को अयोध्या में करेगा प्रदेश कार्यसमिति बैठक

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 18 सितंबर को अयोध्या में होगी। मोर्चा की क्षेत्रीय कार्यसमिति की कई बैठकें हो चुकी हैं। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राज्य और केंद्र के कई पिछड़े वर्ग से आने वाले चेहरे शामिल होंगे।