Sunday , September 29 2024

संजय निषाद-ओमप्रकाश राजभर स्टिंग: UP की सियासत में नया संग्राम शुरू, गठबंधन रेट और हिंसा के प्‍लान पर दी सफाई

अगले विधानसभा चुनाव के लिए बड़े दलों से तालमेल में जुटे निषाद पार्टी के संजय निषाद और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का एक स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद पूरे दिन सत्ता के गलियारों में हलचल बनी रही। कुछ राजनेताओं ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

एक टीवी चैनल द्वारा किए गए स्टिंग आपरेशन में ओमप्रकाश राजभर को लेकर यह दावा किया गया है कि उन्होंने चुनाव के लिए पैसा लेने और संजय निषाद ने चुनाव जीतने के लिए हिंसा तक करवाने की बात खुफिया कैमरे के सामने कही। हालांंकि हिन्दुस्तान अखबार इस वीडियो की सत्यता को प्रमाणित नहीं करता है।

प्रस्तुत है स्टिंग ऑपरेशन में हुई बातचीत के कुछ अंश:

संजय निषाद: हमारे लोग तो थाना फूंकने वाले हैं। हमसे बड़ा गुंडा कौन होगा। चुनाव में मर्डर करना पड़े तो वह भी करेंगे और चुनाव बाद केस वापस करा लेंगे। हमने बहुत बड़ी जमीन ली है। हम लोगों को ट्रेंड करते हैं, हम उन्हें बताते हैं कि वह गरीब क्यों हैं।

संजय निषाद: मुकेश साहनी (वीआईपी प्रमुख) अगर आएगा तो उसे मारकर भगा देंगे। सहनी की गाड़ी फूंक देंगे। दो-चार लोगों को जला देंगे। एक महीने में भाग जाएगा।

संजय: मैं सपा को मारना चाहता हूं। बसपा मर गई। हम पिछड़ी जातियों के लिए जहर हैं।

संजय निषाद : इस बार 50-50 मामला है। हम जिधर जाएंगे उसकी सरकार बन जाएगी, हम और ब्राह़्मण।

संजय निषाद: भाजपा से 35 सीट के लिए हमने कहा था। घटाएंगे तो हमें 25 से 30 मिलेंगी। कुछ उनके सिंबल पर और बाकी अपने सिंबल पर लड़ेंगे।

संजय निषाद : (चैनल के रिपोर्टर से) तो हम सब सीट बेचेंगे। हमें तो पैसे चाहिए। अधिक से अधिक ले आओ।

चैनल:  मंत्री मिलेगा

संजय निषाद: चार जीता था ओम प्रकाश, एक मिला था। कैबिनेट मिनिस्ट्री तो कम  से कम दो लेंगे। टाप टेन के दो मंत्रालय लेंगे। पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य मंत्रालय। एक राज्यमंत्री और एक स्वतंत्र प्रभार।

चैनल का दावा है कि ओमप्रकाश राजभर ने स्टिंग आपरेशन में कहा कि वह जिसके साथ जाएंगे उससे पहले ही कह देंगे कि हम तुम्हारे साथ हैं। अगर गठबंधन करेंगे तो तुम्हारा रेट बढ़ जाएगा। भले ही सीट कम दे दो हमको लेकिन चुनाव के लिए हमें पैसा चाहिए। चाहना तो तुम सीट बेच देना।

सफाई-1

इस देश में स्टिंग ऑपरेशन सिर्फ दलित व पिछड़े नेताओं किया जाता है। इन साजिशों के पीछे भाजपा है। इस तरह के कृत्यों से दलित व पिछड़ें नेताओं की राजनीति समाप्त करना चाहती है। हमनें कुछ गलत नहीं बोला है। हमारी बात को तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है। इस तरह की खबरें चलाने वालों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया जाएगा।

ओमप्रकाश राजभर

सफाई-2

सब गलत व निराधार है। चेहरा कहीं का आवाज कहीं की। मैं अदालत जाऊंगा और मानहानि का मुकदमा करुंगा। हमें फंसाया जा रहा है।

संजय निषाद