Monday , February 24 2025

यूपी चुनाव 2022: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- सपा की विजय यात्रा को पराभव यात्रा में बदलने को जनता तैयार

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा की विजय यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपनी खत्म होती सियासत और इकबाल को बचाने के लिए एसी रथ में सवार होकर निकले हैं।

उन्होंने कहा कि लिमिटेड कंपनी के रूप में पार्टी चलाने वाले अखिलेश यादव लगातार सत्ता से बाहर रहने के बाद भी युवराज व महाराजा की मानसिकता से बाहर नहीं निकले हैं। उन्होंने कहा कि जनता दिखावटी विजय यात्राओं को पराभव यात्रा में बदलने के लिए तैयार है।

स्वतंत्र देव ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा सहित विपक्षी दलों को अराजकता व लाश पर राजनीति करना ही सुहाता है। सपा के लोग सत्ता में रहने पर नौकरियों के नाम पर जनता को लूटने के लिए झोला लेकर घर से निकलते थे। यही वजह है कि जनता ने 2017 और 2019 में उन्हें घर बिठा दिया है।

कांग्रेस शासित राज्य बने भ्रष्टाचार के अड्डे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य अपराध, भ्रष्टाचार, महिलाओं और दलितों के खिलाफ  शोषण के अड्डे बन चुके हैं। मगर कांग्रेस के नेता अपने राज्यों को छोड़कर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पर्यटन कर यहां के सुशासन को बाधित कर रहे हैं। पर, यूपी की जनता एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।

new