Sunday , September 29 2024

गया में मकान की छत गिरी, आठ घायल:छत पर सो रहा था पूरा परिवार, तभी हुआ हादसा; आसपास के लोगों ने सबको बचाया

गया जिले के बजोल गांव में शुक्रवार की देर रात जब घर के सभी लोग छत पर सो रहे थे, तभी पूरी छत अचानक से भरभरा कर गिर गई। इससे बच्चे व महिलाओं सहित आठ लोग मलबे में दबकर जख्मी हो गए। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को गया के मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नागेन्द्र सिंह के यहां हुई।

रात में पूरा परिवार छत पर सो रहा था। उनमें महिलाएं और बच्चे भी थे। छत के अचानक गिर जाने से उस पर सो रहे सभी लोग उसके मलबे में दब गए। छत गिरने की तेज आवाज से आसपास के ग्रामीण जाग गए और घर तक पहुंचे। देखा कि सभी लोग इसमें दबे हुए हैं। ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाई और सभी को मलबे से बाहर कर लिया। उसमें एक महिला और बच्चे सहित कुल 8 लोग दबे थे।

सभी को वजीरगंज सीएससी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में एक महिला एवं तीन बच्चों की हालत गंभीर बताते हुए ड्यूटी में रहे चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एजाज अहमद ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। चिकित्सक ने बताया कि अन्य चार की हालत सामान्य थी, जिसे सीएससी से इलाज की प्रक्रिया पूरी करके घर वापस भेज दिया गया है।

new ad