Sunday , September 29 2024

रायबरेली: किशोरी व उसकी मौसी की गला काटकर हत्या, घर के अंदर अर्द्घनग्न हालत में पाए गए दोनों के शव

रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी और उसकी मौसी की गला काटकर हत्या कर दी गई। धारदार हथियार से की गई इस हत्या की खबर सुबह ग्रामीणों को लगी तो सनसनी फैल गई। घर पर दोनों के शव अर्धनग्न हालत में अलग-अलग पाए गए। किशोरी से रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

सूचना पर पुलिस पहुंच गई, जो मामले की जांच कर रही है। डीह थाना क्षेत्र के गांव में एक 50 वर्षीय महिला व उसकी बहन की लड़की 17 वर्षीय बेटी रहती थी। महिला का पति काफी दिनों से लापता था। लड़की दो साल से मौसी के पास रहती थी।

बताया जाता है कि शनिवार की रात कुछ लोग आए थे। सबने मिलकर चाऊमीन खाई और उसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। चाय के गिलास इधर-उधर बिखरे पाए गए। दोनों की चाकू से गला काट कर दर्दनाक हत्या की सुबह जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।

महिला का बेटा ट्रांसपोर्ट के जरिए वाहन चलवाता है। मौके पर पुलिस पहुंच कर जांच कर रही हैं। सीओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। किशोरी से रेप हुआ है या नहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो पाएगा। फॉरेंसिक टीम भी मौके की जांच कर रही हैं।

new ad