यूपी में दिसंबर 2023 तक सरकारी नौकरियों की भरमार, पढ़े पूरी ख़बर
October 30, 20221 Views
यूपी सरकार ने दिसंबर 2023 तक सरकारी विभागों में भर्तियों का लक्ष्य तय कर दिया है। आयोगों और भर्ती बोर्डों द्वारा इस अवधि में 71623 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। सबसे अधिक 41028 भर्तियां उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा की जाएंगी। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने रिक्तियों संबंधी जानकारी मुख्यमंत्री को भेज दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों से रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आयोगों और चयन बोर्डों को भेजने का निर्देश दिया था। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने इसके आधार पर विभागों से कहा था कि जो भी प्रस्ताव भेजे जाएं उसकी जानकारी उसे अनिवार्य रूप से दी जाएगी, जिससे यह पता चल सके कि कहां कितनी भर्तियां होने वाली हैं। विभागों ने इसकी पूरी जानकारी दे दी है। इसके आधार पर कुल 71623 पदों पर दिसंबर 2023 तक भर्तियां की जाएंगी।
आयोग व चयन बोर्ड इन रिक्त पदों के आधार पर भर्तियों के लिए विज्ञापन निकालेंगे और चयन प्रक्रिया को पूरी करेंगे। इसके साथ ही यह भी बताना होगा कि कितने दिनों में भर्तियां पूरी हो जाएंगी। अमूमन होता यह है कि भर्तियों के लिए परीक्षा होने के बाद भी चयन परिणाम आने में महीनों लग जाते हैं और अभ्यर्थियों को जानकारी के लिए भटकना पड़ता है। इसलिए जितनी भी भर्तियों के लिए विज्ञापन आएगा उसमें यह साफ रहेगा कि कितने महीनों में यह प्रक्रिया पूरी जाएगी।