Tuesday , April 30 2024

Jammu : राहुल के सुरक्षा घेरे में कई लोग घुसे, रोकी गई भारत जोड़ो यात्रा

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड में प्रवेश करने के एक किलोमीटर बाद ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रोक दी गई। बताया जा रहा है कि राहुल की सुरक्षा घेरे में कई लोग घुस आए थे, जिसके बाद यात्रा को रोक दिया गया। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार सुबह 9 बजे बनिहाल से शुरू हुई थी। यात्रा रामबन से अनंतनाग जानी थी, लेकिन काजीगुंड में एंट्री के सिर्फ 1 किमी बाद यात्रा को रोक दिया गया। यात्रा में शामिल अन्य लोग अभी पैदल ही चल रहे हैं। शुक्रवार को इस यात्रा में नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला शामिल हुए थे। पुलिस राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला को गाड़ी में बैठाकर अनंतनाग ले गई है। इस मामले पर राहुल कुछ देर में अनंतनाग में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

राहुल गांधी की सुरक्षा में हुई चूक को लकेर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर निशाना साधा है। वेणुगोपाल ने सुरक्षा में सेंध के लिए पुलिस के अधिकारियों और सीआरपीएफ के जवानों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 मिनट से यात्रा के साथ कोई भी सुरक्षा अधिकारी नहीं थे, ये गंभीर चूक है। राहुल और अन्य कार्यकर्ता बिना सुरक्षा के यात्रा आगे नहीं बढ़ा सकते हैं।