Saturday , May 18 2024

योगी ने मथुरा में पीएम के कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों के साथ की बैठक

सुरक्षा, पेयजल, सीटिंग प्लान, प्रवेश एवं निकास द्वार, टाॅयलेट आदि की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

लखनऊ : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 23 नवम्बर को प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत आज जनपद मथुरा का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री रेलवे ग्राउण्ड मेला स्थल पहुंचे और अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, सीटिंग प्लान, प्रवेश एवं निकास द्वार, टाॅयलेट आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री को ब्रज रज उत्सव-2023 के अन्तर्गत दिनांक 14 से 27 नवम्बर 2023 तक होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। संत मीरा बाई की 525 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में जन्मोत्सव आयोजन के बारे में जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि 23 नवम्बर, 2023 को सांसद श्रीमती हेमा मालिनी द्वारा भक्त मीरा-बैले की प्रस्तुति की जायेगी। प्रधानमंत्री इसका अवलोकन करेंगे। संस्कृति मंत्रालय तथा हस्तशिल्प मंत्रालय भारत सरकार, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद एवं जिला प्रशासन के सहयोग से रेलवे ग्राउण्ड मेला स्थल पर ब्रज रज उत्सव-2023 का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम अवसर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी एवं उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मुख्यमंत्री को मेले के मानचित्र के माध्यम से प्रवेश एवं निकास द्वार, मंच, कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी स्थल, फूड स्टाॅल, झूला क्षेत्र, हस्तशिल्प प्रदर्शनी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित/सम्भावित कार्यक्रम के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे सभी अपने-अपने क्षेत्रों में आमजनमानस तथा प्रशासन के सहयोग से स्वच्छता के विशेष कार्यक्रम आयोजित कराते हुए, जन-जन तक स्वच्छता का संदेश दें और सभी को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद को प्लास्टिक मुक्त करते हुए स्वच्छ बनाया जाये। अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति कार्यवाही की जाये। इसका सख्ती के साथ अनुपालन करायें।

मुख्यमंत्री जी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि कूड़े के डोर-टू-डोर कलेक्शन को और प्रभावी किया जाये, मार्गों पर कूड़ा नहीं होना चाहिए। कहीं पर भी कूड़ा नहीं जलना चाहिए। कूडे़ का कलेक्शन करते हुए डम्पिंग ग्राउण्ड पर पहुंचाया जाये और उसका निस्तारण किया जाये। जहां जरूरत पड़े वहां आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को नियुक्त करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया जाये। जहां-जहां वाॅल पेंटिंग होनी है, वहां पर समय से पेंटिंग करायी जाये। निराश्रित गो-वंश का व्यवस्थित प्रबंधन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापौर, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त आदि धर्मगुरुओं के साथ बैठक करें तथा धार्मिक स्थलों पर लगने वाले टैक्स के सम्बन्ध में चर्चा करें। धार्मिक स्थलों से न्यूनतम/नाॅमिनल टैक्स की वसूली की जाये। धर्मगुरुओं के साथ निरन्तर संवाद स्थापित करते रहें। मुख्यमंत्री जी ने सख्त निर्देश दिये कि जो प्राइवेट कम्पनी टैक्स वसूलने की कार्यवाही करती है, उन पर पैनी नजर बनाये रखें और उनके कार्यों की समय समय पर जांच करें। ऐसी व्यवस्था बनायें, जिससे प्राइवेट कम्पनी लोगों का उत्पीड़न न कर सकें तथा अपनी मनमानी न करे।

मुख्यमंत्री ने बांके बिहारी मन्दिर, मदन मोहन मन्दिर तथा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन कर की पूजा अर्चना

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिये कि समस्त सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाये। कोई भी सड़क टूटी न हो तथा कहीं पर गंदगी न हो। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्गों पर बिजली के तारों को दुरूस्त करायें तथा जहां अनावश्यक तार लटके हुए हैं, उन्हें हटाया जाये। सड़कें साफ-सुथरी दिखें। ब्रज रज उत्सव-2023 कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। आकस्मिकता की स्थिति के दृष्टिगत जनरेटर की व्यवस्था भी की जाये। ऐसी यातायात व्यवस्था बनायें कि मथुरा-वृन्दावन में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। योगी ने कहा कि सड़क मार्गों से अनाधिकृत होर्डिग्ंस एवं सड़कों के ऊपर लगे बैनरों को तत्काल प्रभाव से हटवायें। सुदृढ़ यातायात हेतु आवश्यकतानुसार बैरीकेडिंग एवं बैरियर की व्यवस्था की जाये। कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल टाॅयलेट, पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित ब्रज रज उत्सव-2023 कार्यक्रम के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने तथा मथुरा में विभिन्न स्थानों पर स्क्रीन के माध्यम से लाइव कार्यक्रम दिखाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि 23 नवम्बर, 2023 के भक्त मीरा बैले कार्यक्रम में लोगों को आमंत्रित करें।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बांके बिहारी मन्दिर, वृन्दावन के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की तथा मन्दिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मन्दिर के आवागमन मार्गों, मन्दिर के प्रवेश एवं निकास द्वारों का जायजा लिया तथा सुदृढ़ व्यवस्थाओं हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने बांके बिहारी मन्दिर के निकट मदन मोहन मन्दिर के दर्शन किये तथा मन्दिर की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राजाधिराज द्वारकाधीश मन्दिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मन्दिर प्रांगण का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)/प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, सांसद हेमा मालिनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्र, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।