Thursday , May 2 2024

अटल रन में 10 को दौड़ेगा लखनऊ, उप मुख्यमंत्री ने किया टी शर्ट का अनावरण

लखनऊ खेल महोत्सव 23-24 दिसम्बर को
जोनल खेलकूद 11 से 20 दिसम्बर तक

लखनऊ : क्रीड़ा भारती अपने अभियान ‘खेल लखनऊ, दौड़े लखनऊ और फिट रहे लखनऊ’ के तहत दस दिसम्बर को ‘अटल रन’ का आयोजन कर रहा है। इसी अटल रन के साथ क्रीड़ा भारती के लखनऊ खेल महोत्सव की भी शुरुआत होगी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने आवास पर अटल रन की टी-शर्ट का अनावरण किया। साथ ही दौड़ने के लिए पहला पंजीकरण कराया। साथ ही महापौर सुषमा खर्कवाल को भी टी-शर्ट भेंट की गई।

क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ के लोगों को स्वस्थ्य रखने के लिए ‘लखनऊ खेल महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत दस दिसम्बर को 1090 चौराहे से ‘अटल रन’ के साथ होगी। इसमें ओपेन वर्ग में आठ किलोमीटर, जूनियर वर्ग में 05 किलोमीटर की दौड़ होगी। इसके अलावा एक सेलीब्रिटी रन होगी। इसमें किसी भी आयु के लोग हिस्सा ले सकते हैं। दौड़ में एक लाख रुपये से अधिक के ईनाम दिए जाएंगे। दौड़ में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। धावक 9455912800 नम्बर पर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण नि:शुल्क है।

फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष करेंगे फ्लैग ऑफ

अटल रन का 10 दिसम्बर को 1090 चौराहे से भारतीय फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे फ्लैग ऑफ करेंगे। इस मौके पर ओलम्पियन पद्मश्री सुधा सिंह, अर्जुन पुरस्कार विजेता एथलीट विजय सिंह चौहान, रनवीर सिंह, गुलाब चंद, अंतरराष्ट्रीय एथलीट भुवन चंद एवं शिव कुमार यादव, अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रोअर सुमन देवी समेत कई हस्तियां मौजूद रहेंगी।

जोनल खेलकूद 11 से शुरू होंगे

अटल रन के बाद 11 से 20 दिसम्बर तक जोनल स्तर पर खेलकूद होंगे। लखनऊ के आठ जोनों वॉलीबाल, फुटबाल, खो-खो, कबड्डी और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं होंगी। जोनल स्तर पर हर खेल की एक टीम फाइनल के लिए चुनी जाएगी। इसके अलावा एथलेटिक्स में हर स्पर्धा के पहले तीन स्थानों पर रहने वाले खिलाड़ियों का चयन फाइनल के लिए होगा।

लखनऊ खेल महोत्सव का फाइनल 23 से

लखनऊ खेल महोत्सव का फाइनल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 23 और 24 दिसम्बर को आयोजित किया जाएगा। यहां जोनल स्तर पर चुनी गई आठों टीमों के बीच मुकाबले होंगे। इस दो दिसवसीय खेलों से लखनऊ की टी का चयन भी किया जाएगा। यह टीम भविष्य में होने वाली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। टी शर्ट अनावरण के मौके पर क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, पार्षद अनुराग मिश्रा, साहस स्पोर्ट्स ट्रस्ट की चीफ ट्रस्टी डा. सुधा बाजपेई, जितिन कुमार, अनिल कुमार समेत की लोग मौजूद रहे।