Thursday , May 2 2024

‘अटल रन’ में दौड़ा लखनऊ, प्रतीक्षा और प्रीति रहीं अव्वल

पांच हजार लोगों ने लगाई दौड़

लखनऊ : हर उम्र के बच्चे, बूढ़े और जवानों ने ‘खेल से चरित्र का और चरित्र से राष्ट्र का निर्माण’ सूत्र वाक्य लेकर हुई अटल रन में लखनऊ ने दौड़ लगाई।’ दो लाख रुपये की नगद इनामी यह दौड़ में सुबह सात बजे 1090 चौराहे से शुरू हुई। इस क्रासकंट्री दौड़ में करीब पांच हजार लोगों ने हिस्सा लिया। महिलाओं की आठ किलोमीटर दौड़ में स्पोर्ट्स हॉस्टल की प्रतीक्षा यादव ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं आठ किलोमीटर की पुरुषों की दौड़ में इस्लाम अली अव्वल रहे। जूनियर बालकों में यूथ एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता स्पोर्ट्स कॉलेज के शाहरुख खाने पहला स्थान हासिल किया। जूनियर महिलाओं में प्रीति चैंपियन बनीं। पुरस्कार वितरण महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया।

सुबह सात बजे दौड़ का फ्लैग ऑफ अंतरराष्ट्रीय गोलकीपर और भारतीय फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे, ओलंपियन पद्मश्री सुधा सिंह और एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने किया। यह दौड़ 1090 चौराहे से शुरू होकर समतामूलक चौराहा, अम्बेडकर स्मारक चौराहा, भागीदारी भवन होते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नम्बर छह तक गई। वहीं से वापस मुड़कर इसी रास्ते होते हुए 1090 चौराहे पर समाप्त हुई।

इस्लाम ने 21 मिनट का समय
पुरुषों की आठ किलोमीटर दौड़ में इस्माल अली ने 21 मिनट 23 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं दूसरे स्थान पर रवि कुमार पाल ने 21 मिनट 35 सेकंड का समय दर्ज किया। तीसरे स्थन पर जतिन्दर सिंह रहे। उन्होंने 21 मिनट 48 सेकंड का समय दर्ज किया। वहीं महिलाओं में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ की प्रतीक्षा यादव ने सबको पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 29 मिनट 09 सेकेंड का समय लिया। दूसरे स्थान पर लखनऊ की पूजा निषाद रहीं। तीसरा स्थान उन्नति रावत को मिला।

बालकों में शाहरुख रहे अव्वल
बालकों की पांच किलोमीटर दौड़ में अंतरराष्ट्रीय धावक स्पोर्ट्स कॉलेज कॉलेज के शाहरुख खान रहे। उन्होंने इस दौड़ में 15 मिनट 23 सेकंड का समय लिया। वहीं दूसरे स्थान पर इंद्रजीत और तीसरे स्थान पर उमेर खान रहे। जूनियर महिलाओं की दौड़ में प्रीति यादव अव्वल रहीं। उन्होंने यह दौड़ 19 मिनट 24 सेकंड में पूरी की। दूसरे स्थान पर मोनिका उपाध्याय और तीसरे स्थान पर आयशा वर्मा रहीं।

इसके अलावा सेलेब्रेटी रन में एमएलसी पवन सिंह चौहान, भाजपा के जिलाध्यक्ष आनंद द्विवेदी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, गोविन्द पाण्डेय, एमएलसी अंगद सिंह, साहस स्पोर्ट्स ट्रस्ट की चेयरपर्सन डा. सुधा बाजपेई जैसी हस्तियों ने हिस्सा लिया। सेलेब्रेटी रन में लॉटरी सिस्टम से पुरस्कार दिए गए। हर वर्ग में प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार, दूसरे स्थान पर 10 हजार और तीसरे स्थान पर सात हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा चौथे से लेकर दसवें स्थान पर रहे खिलाड़ियों को भी नगद पुरस्कार दिए गए।

कुलदीप सिंह के बैण्ड ने भरा जोश
क्रासकंट्री दौड़ में इण्डियन आइडल फेम गायक कुलदीप सिंह चौहान ने अपनी बैण्ड के साथ खिलाड़ियों जोश भरा। उन्होंने देश प्रेम के एक से एक जोशीले गीत सुनाई। मौके पर मौजूद खिलाड़ी उनके गायन पर देर तक नाचते रहे।

परिणाम :
ओपेन पुरुष वर्ग (8 किलोमीटर) : स्वर्ण- इस्लाम अली, रजत- रवि कुमार, कांस्य- जतिन्दर सिंह
ओपन महिला ( 8 किलोमीटर) : स्वर्ण- प्रतीक्षा यादव, रजत- पूजा निषाद, कांस्य- उन्नति रावत
जूनियर पुरुष (5 किलोमीटर) : स्वर्ण- शाहरुख खान, रजत- इंद्रजीत सिंह, कांस्य- उमेर खान
जूनियर महिला (5 किलोमीटर) : स्वर्ण- प्रीति यादव, रजत- मोनिका उपाध्याय, कांस्य- आयषा वर्मा