Saturday , July 27 2024

पांचवें चरण के लिए प्रचार अभियान तेज, मोदी आज महाराष्ट्र में करेंगे रैली व रोड शो

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के चुनाव प्रचार में भाजपा और कांग्रेस सहित राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी और अमित शाह विभिन्न राज्यों में पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आज महाराष्ट्र दौरे रहेंगे जहां वे डिंडोरी में दोपहर लगभग 3.15 बजे चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे कल्याण में शाम करीब 5.15 बजे चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मोदी मुंबई उत्तर पूर्व लोकसभा सीट पर प्रचार के लिए शाम लगभग 6.45 बजे रोड शो करेंगे।

इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल और ओडिशा में पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार की कमान संभालेंगे। शाह पश्चिम बंगाल के हुगली के मोसात बाजार में पूर्वाह्न 11 बजे चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। इसके बाद शाह ओडिशा रवाना हो जाएंगे। ओडिशा में शाह एक चुनावी जनसभा और रोड शो करेंगे। अस्का लोकसभा क्षेत्र में दोपहर करीब दो बजे उनकी चुनावी सभा होगी। इसके बाद शाह कटक में शाम करीब 5.30 बजे रोड शो करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज तीन राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा का चुनावी दौरा करेंगे। नड्डा मोतिहारी में पूर्वाह्न 11.15 बजे जनसभा को संबोधित करने के बाद पश्चिम बंगाल रवाना हो जाएंगे। नड्डा मुर्शिदाबाद जिले में दोपहर करीब 2.35 बजे चुनावी रैली करेंगे। इसके बाद बांकुरा में शाम करीब 4.10 बजे एक और जनसभा को संबोधित करेंगे। बंगाल के बाद नड्डा ओडिशा रवाना होंगे जहां शाम करीब 7.50 बजे से अहम बैठक करेंगे।