Wednesday , June 26 2024

Jharkhand : हजारीबाग के कुसुंभा गांव वालों ने मतदान का किया बहिष्कार

चार साल से फरियाद लगाकर थक गए, किसी ने नहीं सुनी

जारीबाग : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के कुसुंभा गांव के मतदाताओं ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान का बहिष्कार किया। यहां के मतदाताओं का कहना है कि उनकी नाराजगी पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। इसलिए वे वोट का बहिष्कार कर रहे हैं। उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुसुंभा गांव में बूथ नंबर 183-184 पर लगभग 1500 मतदाता हैं, जिनमें किसी ने भी वोट नहीं किया। इसकी खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारी लोगों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन मतदाता घरों से निकलने के लिए राजी नहीं हो रहे।

ग्रामीणों ने कहा कि हजारीबाग जिले के बड़कागांव से एनटीपीसी का जो कोयला आता है, वह कोयला हजारीबाग के कटकमदाग रेलवे साइडिंग में भेजा जाता है। सैकड़ों वाहन इस गांव से गुजरते हैं। इसकी वजह से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। गांव के लोगों की मांग है कि कुसुंभा गांव के पास फ्लाईओवर का निर्माण किया जाए।

ग्रामीणों ने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री और सांसद, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, जिला प्रशासन तक से लगातार चार साल से फरियाद कर रहे हैं। अब तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं। इसलिए आज गांव से कोई भी मतदाता मतदान करने के लिए केंद्र नहीं गया। जिला प्रशासन और प्रखंड के प्रशासन अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। सभी अधिकारी गांव वालों को मनाने में लगे हैं लेकिन ग्रामीण घरों से निकलने के लिए तैयार नहीं है।