Sunday , February 23 2025

अन्तर्राष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता में 100 परसेन्टाइल के साथ सीएमएस छात्र को विश्व में प्रथम रैंक

खनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज द्वितीय कैम्पस के कक्षा-4 के मेधावी छात्र रूद्रेश पटेल ने अन्तर्राष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता में 100 परसेन्टाइल के साथ विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। यह अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट (आई.बी.टी.) के अन्तर्गत आयोजित हुई। आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें कई देशों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा, देश भर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग कर अपने ज्ञान-विज्ञान व प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन किया।

इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में सी.एम.एस. अलीगंज द्वितीय कैम्पस के छात्र रूद्रेश पटेल ने पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने इस मेधावी छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की है। आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की प्रतिभा का आकलन करता है एवं आई.बी.टी. टेस्ट किसी भी देश के पाठ्यक्रम के बजाय मूलतः छात्रों की प्रतिभा व कौशल पर आधारित होते हैं। सी.एम.एस. का लगातार यही प्रयास है कि विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारा एवं प्रोत्साहित किया जाए।