Sunday , September 29 2024

भाजपा का घोषणापत्र सपा की नकल है – अखिलेश

akhileshएटा और कासगंज में ताबड़तोड़ पांच सभाएं कर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पहले चरण के चुनाव के लिए वेस्ट यूपी में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की। भाजपा उनके प्रमुख निशाने पर रही। उन्होंने नोटबंदी को आड़े हाथों लिया और कहा कि भाजपा ने सपा के घोषणापत्र की नकल की है। बसपा पर तंज कसा कि उसका सारा पैसा हाथी बनवाने में खर्च होता है।

एटा के जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सर्वाधिक 25 मिनट बोले। कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा। हमारी सरकार बनेगी तो सबसे ज्यादा सम्मान नेताजी का बढ़ेगा। सीएम के इस बयान को मुलायम के गठबंधन के खिलाफ होने की सफाई माना जा रहा है। उन्होंने गठबंधन के पक्ष में तर्क रखते हुए कहा कि दिल्ली के आसपास के क्षेत्र में सपा पहले कमजोर थी। अब साइकिल के हैंडल पर हाथ रख गया है, जिससे साइकिल तेज दौड़ने लगेगी। अब ये जिम्मेदारी यहां के मतदाताओं की है कि वो हमारे पक्ष में ऐसी लहर पैदा करें, जो चुनाव के आखिर तक चलती रहे और साइकिल को गति दे।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि कुछ लोग मन की बात करते हैं मगर मन से कुछ नहीं कर पाते हैं। जिनके पास अपना कोई घोषणा पत्र नहीं वे क्या करेंगे, आप खुद सोच सकते हैं। भाजपा ने सपा के घोषणापत्र की नकल की है। सपा जो वायदे करती है उसे पूरा करती है। गांव में 24 घंटे बिजली आएगी। हाईस्कूल और इंटर पास करने के बाद युवा सीधे पुलिस में जा सकेंगे। एक लाख सिपाहियों की भर्ती होनी है। जो 5.8 किलोमीटर दौड़ लेगा वह सिपाही बन जाएगा। अस्पतालों में मुफ्त और बेहतर इलाज मिलेगा।

अपनी सभाओं में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एटा विधानसभा से जुगेंद्र सिंह यादव, अलीगंज से रामेश्वर सिंह, अमांपुर से वीरेंद्र सोलंकी, कासगंज से हसरत उल्ला व पटियाली से किरन यादव के विजयी बनाने की अपील की।