Sunday , February 23 2025

IPL 10: पुणे के खिलाफ हारकर भी मुंबई के नाम दर्ज हुआ विश्व रिकॉर्ड

मुंबई इंडियंस को भले ही पुणे सुपरजायंट के खिलाफ हार 3 रन से हार का सामना करना पड़ा लेकिन जैसे ही मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा टॉस करने वानखेड़े स्टेडियम में उतरे मुंबई इंडियंस के नाम टी-20 क्रिकेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया। 
मुंबई ने पुणे के खिलाफ जो मैच खेला वह टी-20 में उसका 170वां मैच था। इससे ज्यादा टी-20 मैच दुनिया की और किसी टीम ने नहीं खेले हैं। मुंबई से पहले सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड की काउंटी टीम समरसेट के नाम दर्ज था। समरसेट ने अब तक 169 टी-20 मैच खेले हैं। 
  
हरभजन सिंह ने मैच में जैसे ही पुणे के कप्तान स्टीव स्मिथ को बोल्ड किया उनके नाम टी-20 में 200 विकेट दर्ज हो गए। वह टी-20 में 200 विकेट हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले अमित मिश्रा और रविचंद्रन अश्विन यह कारनामा कर चुके हैं। आईपीएल-10 में केरन पोलार्ड अब तक 7 कैच लपक चुके हैं। वह इस सीजन सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले खिलाड़ियों की सूची में मनीष पांडे के साथ पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। पांडे ने भी इस सीजन 7 कैच लिए हैं। 

पुणे ने इस सीजन लगातार तीसरी जीत हासिल की। पिछले सीजन में भी पुणे ने लगातार तीन मैचों में जीत हासिल की थी। यह लगातार जीत का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 

रोहित शर्मा ने पुणे के खिलाफ सोमवार को 58 रन की पारी खेली। यह 13 आईपीएल में 13वीं बार हुआ है जब रोहित शर्मा ने 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेली और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। विराट कोहली इस मामले में उनसे आगे हैं। जिन मैचों में विराट 50 से ज्यादा रन बनाए उनमें से 15 बार उनकी टीम आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा है। 

मुंबई को पुणे से महज 3 रन से हार मिली। यह मुंबई की रनों के लिहाज से आईपीएल में वानखेड़े स्टेडियम में मिली दूसरी सबसे छोटी हार है। इससे पहले मुंबई को साल 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब ने 1 रन से इसी मैदान पर मात दी थी। 

आईपीएल 2017 में खेले गए 8 मैचों में मुंबई को दूसरी हार मिली। इसमें सबसे खास बात यह है कि दोनों ही बार मुंबई को मात देने वाली टीम पुणे ही है।