
अखिलेश यादव ने प्रदेश में हो रही हिंसा को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा अर्थव्यवस्था, रोजगार और किसानों के मुद्दे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए दंगे फैलाए जा रहे हैं। दंगों से भाजपा को फायदा होता है। आज यही लोग सत्ता में हैं इसलिए दंगे भड़काए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव रविवार को प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून देश के संविधान का उल्लंघन है। इसलिए सपा इसका विरोध कर रही है। हमने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया। हिंसा भाजपा के इशारे पर की जा रही है।
अखिलेश ने एनआरसी का विरोध करते हुए कहा कि गांवों में लोगों के पास दस्तावेज नहीं है। एनआरसी से पूरा देश एक बार फिर लाइन मे लग जाएगा। नोटबंदी लागू होने से जनता को बहुत मुश्किल हुई थी। एक बार फिर से वही माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। नोटबंदी लागू करते वक्त कहा गया था कि कालाधन खत्म हो जाएगा। आतंकवाद, नक्सलवाद खत्म हो जाएगा लेकिन कुछ नहीं हुआ। जनता परेशान हुई।