Monday , February 24 2025

वाराणसी: प्रियंका गांधी आज सीर गोवर्धनपुर में टेकेंगी मत्था, संत निरंजन दास से मिलेंगी, चखेंगी लंगर

Image result for priyanka gandhi images

 

संत रविदास के प्रकाशोत्सव पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सीर गोवर्धनपुर में स्थित मंदिर में दर्शन पूजन करेंगी। आज वह दोपहर में आयोजित समारोह में शामिल होंगी। प्रियंका के आने की सूचना मिलते ही कार्यकर्ता भी तैयारियों में जुट गए हैं।

शनिवार को पुलिस प्रशासन ने प्रियंका के आगमन के बाबत मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। देर शाम को कांग्रेस नेताओं ने भी मंदिर प्रबंधन से मुलाकात कर तैयारियों की जानकारी ली।

कांग्रेस के पूर्व मंत्री अजय राय ने बताया कि प्रियंका दोपहर 12:10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से सीर के लिए रवाना होंगी। संत रविदास के मंदिर में मत्था टेकने के बाद वह मुख्य समारोह में शिरकत करेंगी। संत निरंजन दास से मुलाकात करने के बाद वह लंगर भी चखेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया, प्रियंका की बहुत दिनों से इच्छा थी कि वे संत शिरोमणि गुरु रविदास के जन्मस्थली सीर में मत्था टेकें। उधर, प्रियंका ने बयान जारी कर कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने सामाजिक एकता, बंधुत्व, भाईचारे और श्रम की महत्ता का संदेश दिया था। आज हम सभी के लिए गुरु रविदास की वाणी और विचार अनुकरणीय हैं। ताकि हम एक बेहतर समतामूलक समाज बना सकें।