
रात 11 बजते बजते कोहरे की मोटी चादर तन गई। सुबह देर तक घना कोहरा छाया रहा। ठंड के चलते लोगों को परेशानी हुई। जहां दफ्तर देर से खुले और लोग काम पर देरी से पहुंचे वहीं खेती बारी का काम भी प्रभावित हुआ। खास तौर से उन किसानों को परेशानी हुई जिनके खेतों में सब्जी मटर तैयार है। खेत से तोड़कर मटर को मंडी तक पहुंचाना होता है। एक तो गलन दूसरे ऊपर से कोहरा होने के चलते लोग देर से खेत में पहुंच रहे हैं। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड अधिक होने की वजह से बाजार से लेकर सड़कों तक रोज की अपेक्षा चहल पहल कम रही। शाम को जल्दी बाजारों में सन्नाटा पसर गया। लोग अलाव के सहारे ठंड से बचाव करते रहे और शाम को जल्दी बिस्तर में चले गए।