Tuesday , February 25 2025

Bilaspur Crime News: कलेक्टर कार्यलय में पदस्थ कर्मचारी से मारपीट, जुर्म दर्ज

।Bilaspur Crime News: दीनदयाल कालोनी में अस्पताल से लौट रहे कर्मचारी से गाली-गलौज कर युवक ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला दीनदयाल कालोनी में रहने वाले योगेश शर्मा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर कार्यालय में क्लर्क हैं। रविवार की रात आठ बजे वे अपने दोस्त आकिब के साथ अस्पताल से लौट रहे थे। कालोनी के सब्जी मंडी के पास मोहल्ले में रहने वाले गगन यादव ने योगेश से गाली-गलौज कर दी। बेवजह गाली-गलौज करने से मना करने पर युवक ने कर्मचारी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।

नशे में बवाल, युवक के गले में धारदार हथियार से हमला

सिरगिट्टी के दैहान चौक निवासी द्रोण यादव निजी कंपनी में काम करते हैं। रविवार की दोपहर वे अपने साथी विक्की के साथ घुमने निकले थे। दोनों दोस्त दैहानपारा बड़ा तालाब के पास बैठे थे। नाइट ड्यूटी के कारण द्रोण ने अपने साथी को जल्दी घर चलने के लिए कहा।

इस पर दोनों दोस्त घर वापस लौट रहे थे। दोपहर दो बजे वे पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाली तुषार और भवानी वहां आ गए। द्रोण ने पुलिस को बताया कि तुषार और भवानी शराब के नशे में थे। द्रोण और विक्की के पास पहुंचते ही दोनों गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए द्रोण की पिटाई करने लगे।

इसी बीच तुषार ने धारदार हथियार से द्रोण के गले में वार कर दिया। मारपीट होते देख आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। इस पर दोनों युवक वहां से भाग गए। विक्की ने घायल द्रोण के घर में इसकी जानकारी दी। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।