Tuesday , February 25 2025

Bhopal Accident News: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत

भोपाल Bhopal Accident News:। तलैया थाना इलाके में रेतघाट के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक और पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गए। इस हादसे में महिला को गंभीर चोट लगी। उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना शनिवार दोपहर की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तलैया पुलिस के अनुसार निराला नगर भदभदा निवासी 54 वर्षीय मनीषा ओसवाल गृहिणी थीं। उनके पति प्रदीप ओसवाल प्रॉपर्टी डीलर हैं। 10 अप्रैल को दोपहर में वह अपने यहां काम करने वाले पल्‍लू नामक कर्मचारी के साथ बाइक पर बैठकर अपने रिश्तेदार के घर काम से जा रही थीं। उनकी बाइक रेतघाट के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्‍हें टक्कर मार दी। टक्‍कर इतनी जबर्दस्‍त थी कि बाइक चला रहा कर्मचारी और पीछे बैठी महिला दोनों दूर जाकर गिरे। इससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई। कर्मचारी को भी चोट लगी थी। हादसे के बाद चालक कार समेत तुंरत वहां से फरार हो गया। घायल कर्मचारी ने अपने मालिक और उनके बेटे को फोन किया और हादसे की जानकारी दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। 11 अप्रैल को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज से कार चालक की तलाश

तलैया थाना प्रभारी डीपी सिंह का कहना है कि घटनास्थल के पास सीसीटीवी लगे हैं। पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। कार की पहचान कर ली गई है। जल्द ही कार चालक की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।