Wednesday , February 26 2025

Mandla News: मंडला में पांच किलो 100 ग्राम की बच्ची ने लिया जन्म

मंडला,  अंजनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बच्ची का जन्म हुआ है जिसका वजन सामान्य से अधिक है। औसत वजन से लगभग दोगुना वजन है। जन्म के 24 घंटे के बाद अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र में वह भर्ती है और मां बच्ची दोनों स्वस्थ्य हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ अजयतोष मरावी के मुताबिक बच्ची का वजन 5 किलो 100 ग्राम है। जबकि नवजात शिशु का जन्म समय औसतन वजन 2 किलो 500 ग्राम से 3 किलो 750 ग्राम के बीच ही अधिकतर रहता है। इस तरह का यह क्षेत्र का संभवत: पहला मामला हो सकता है। डॉक्‍टर के मुताबिक बच्ची की लंबाई 54 सेमी है। जो कि सामान्य है।

डॉ मरावी ने बताया कि 29 मई की सुबह 9 बजे के करीब प्रसव पीड़ा होने पर रक्षा कुशवाहा (29) पति किशन कुमार कुशवाहा निवासी अंजनिया को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंजनिया लाया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि मां का वजन अधिक है। वह प्रसव का समय भी अधिक हो चुका है। जिला अस्पताल रेफर करने के हालात नहीं थे। पति को समझाइश दी गई। उनकी काउंसिलिंग की गई। रेफर करने पर खतरा बढ़ सकता था। इसे देखते हुए डॉक्‍टर व मौजूद स्टाफ नर्स ने रिस्क लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही डिलेवरी कराने का निर्णय लिया और करीब एक घंटे के अंदर ही सामान्य प्रसव कराने में सफलता मिली। प्रसव के बाद बच्चा बिल्कुल सामान्य था और रो भी रहा था। 24 घंटे के बाद मां बच्चे दोनों बेहतर है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही भर्ती हैं।

ऐसे प्रसव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नहीं होते: जिसमें मां का वजन अधिक है या थोड़ा भी केस क्रिटिकल होता है तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता है। पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा स्टाफ की दाद देनी होगी। जिन्होंने मुश्किल हालात बनने पर चुनौती ली और डॉ अजय तोष मरावी के मार्गदर्शन में स्टाफ नर्स ललिता उठाड़े और स्वीपर चंपा बाई के सहयोग से महिला का सामान्य प्रसव करा लिया गया।

—————-

गंभीर मामला था, फिर भी हमने तात्कालिक परिस्थितियों को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया। मां-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं, अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं।